Hindi News

2 साल से नहीं टूटा टॉस हारने का सिलसिला, आखिरी बार 2023 में जीता था भारत ने वनडे में टॉस

Written by:Rishabh Namdev
Published:
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेली जा रही वनडे सीरीज को ऑस्ट्रेलिया ने अपने नाम कर लिया है, लेकिन इसी बीच एक हैरान करने वाला आंकड़ा सामने आया है। वनडे क्रिकेट में भारतीय टीम ने आखिरी बार लगभग 2 साल पहले, 2023 में कोई टॉस जीता था। यानी पिछले 2 साल से किसी भी भारतीय कप्तान ने वनडे में टॉस नहीं जीता है।
2 साल से नहीं टूटा टॉस हारने का सिलसिला, आखिरी बार 2023 में जीता था भारत ने वनडे में टॉस

इस समय भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच वनडे सीरीज खेली जा रही है। हालांकि इस वनडे सीरीज को ऑस्ट्रेलिया ने अपने नाम कर लिया है, लेकिन इस सीरीज का आखिरी मुकाबला फिलहाल खेला जाना बाकी है। पहले मुकाबले में डीएलएस मेथड के चलते ऑस्ट्रेलिया की टीम ने भारत को हराया था, तो वहीं दूसरे मुकाबले में दो विकेट से ऑस्ट्रेलिया की टीम ने जीत दर्ज की है। लेकिन इसी बीच आंकड़े ने भारतीय क्रिकेट फैंस को हैरानी में डाल दिया है।

दरअसल मैदान पर हर ओर जीत को अलग रखा जाए तो भारत टॉस के मामले में भी बेहद पीछे रहा है। वनडे क्रिकेट में भारतीय टीम ने आखिरी बार 2023 में टॉस जीता था। यह सुनकर शायद आप भी हैरान हो गए होंगे, लेकिन यह सच है। हालांकि इससे यह निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता कि भारतीय टीम ने हर मुकाबला हारा है, लेकिन ओवरकास्ट कंडीशन में टॉस बेहद अहम माना जाता है।

टॉस हारने का सिलसिला नहीं टूटा

भारतीय टीम ने आखिरी बार रोहित शर्मा की कप्तानी में 2023 वनडे वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल मुकाबले में टॉस जीता था। यह टॉस न्यूजीलैंड की टीम के खिलाफ जीता गया था, जिसमें भारतीय टीम ने शानदार जीत हासिल की थी और फाइनल में जगह बनाई थी। जबकि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए वनडे वर्ल्ड कप 2023 के फाइनल मुकाबले में भी भारतीय टीम टॉस हारी थी और मुकाबला भी हार गई थी। भारतीय कप्तान बदलते गए, लेकिन टॉस हारने का सिलसिला नहीं टूटा। रोहित शर्मा के बाद केएल राहुल और शुभमन गिल भी कप्तान के तौर पर रहे, लेकिन टीम ने टॉस नहीं जीता।

17 मुकाबलों में लगातार भारत ने हारे टॉस

दरअसल शुभमन गिल ने एक अनोखा रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज किया है। गिल ने अब तक खेले गए 10 मुकाबलों में हर बार टॉस हारा है। हालांकि टॉस हारने का कोई वैज्ञानिक आधार नहीं है, लेकिन इतने लंबे समय तक टॉस हारना सभी को हैरान कर रहा है। 2023 से अब तक भारतीय क्रिकेट टीम ने वनडे में कुल 17 टॉस हारे हैं। इन 17 मुकाबलों में भारतीय टीम को 10 मुकाबलों में जीत मिली है, जबकि 6 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है और एक मुकाबला टाई रहा है। हालांकि भारतीय टीम का जीत का प्रतिशत शानदार रहा है, लेकिन ओवरकास्ट कंडीशन में खासकर ऑस्ट्रेलिया में टॉस हारने पर भारत को मुकाबले में नुकसान झेलना पड़ा है।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews