Hindi News

अगर आज बारिश से MI vs DC का मैच रद्द हुआ तो क्या होगा? किसे मिलेगी टॉप 4 में जगह? जानिए

Written by:Rishabh Namdev
Published:
मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच होने वाले IPL मुकाबले पर बारिश का खतरा मंडरा रहा है। इस मैच के नतीजे से प्लेऑफ का चौथा टिकट तय होना है। ऐसे में अगर मुकाबला रद्द हो गया, तो कौन सी टीम आगे बढ़ेगी? जानिए दोनों टीमों का पूरा क्वालिफिकेशन समीकरण।
अगर आज बारिश से MI vs DC का मैच रद्द हुआ तो क्या होगा? किसे मिलेगी टॉप 4 में जगह? जानिए

IPL 2025 में प्लेऑफ की दौड़ अब आखिरी मोड़ पर है। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर, गुजरात टाइटन्स और पंजाब किंग्स पहले ही प्लेऑफ में जगह बना चुके हैं। चौथे स्थान के लिए अब सिर्फ मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच टक्कर बची है। लेकिन वानखेड़े स्टेडियम में 21 मई को होने वाले इस निर्णायक मुकाबले पर बारिश का खतरा मंडरा रहा है। मौसम विभाग ने 25 मई तक भारी बारिश की चेतावनी दी है, जिससे मैच रद्द होने की पूरी संभावना बन गई है।

दरअसल फिलहाल मुंबई इंडियंस 12 मैचों में 7 जीत और 5 हार के साथ 14 अंकों पर है और चौथे नंबर पर बनी हुई है। दूसरी ओर दिल्ली कैपिटल्स 12 में से 6 मुकाबले जीत चुकी है, 5 हारी है और एक मैच रद्द हुआ है, उनके खाते में 13 अंक हैं। ऐसे में MI और DC दोनों के लिए ये मुकाबला करो या मरो जैसा है। हारने वाली टीम प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो सकती है, लेकिन अगर मैच रद्द हो गया तो स्थिति बेहद दिलचस्प हो जाएगी।

मैच रद्द हुआ तो क्या होगा?

दरअसल अगर बारिश के कारण मैच रद्द हो जाता है और एक भी गेंद नहीं फेंकी जाती है, तो दोनों टीमों को एक-एक अंक मिलेगा। इससे मुंबई के 14 से बढ़कर 15 अंक हो जाएंगे जबकि दिल्ली के 13 से 14। इसके बाद दोनों टीमों के पास एक-एक मैच बाकी रहेगा। मुंबई अगर अपना आखिरी मुकाबला जीत जाती है तो उसके 17 अंक हो जाएंगे और वो आसानी से प्लेऑफ में पहुंच जाएगी। जबकि दिल्ली यदि आखिरी मुकाबला जीत भी लेती है तो वो सिर्फ 16 अंकों तक पहुंच पाएगी। ऐसे में मुंबई का प्लेऑफ टिकट पक्का हो जाएगा। लेकिन अगर मुंबई हार जाती है और दिल्ली जीत जाती है, तो दिल्ली 16 अंकों के साथ क्वालिफाई कर सकती है, जबकि मुंबई 15 पर रुक जाएगी और बाहर हो जाएगी। इसके अलावा अगर दोनों अपने आखिरी मुकाबले हारते हैं, तो भी मुंबई 15 अंकों के साथ क्वालीफाई कर सकती है।

दिल्ली की राह होगी मुश्किल?

दरअसल दिल्ली के लिए बारिश से मैच रद्द होना अच्छी खबर नहीं होगी। बता दें कि अगर उन्हें सिर्फ एक अंक मिलता है, तो उनके 14 अंक हो जाएंगे। इसके बाद उन्हें न सिर्फ अपना आखिरी मुकाबला जीतना होगा बल्कि उम्मीद करनी होगी कि मुंबई अपना अंतिम मैच भी हार जाए। दिल्ली के पास प्लेऑफ में पहुंचने का साफ रास्ता सिर्फ मैच जीतना और मुंबई को हर हाल में पीछे छोड़ना है। लेकिन अगर मौसम ने खेल बिगाड़ा, तो उन्हें सिर्फ जीत नहीं, किस्मत का साथ भी चाहिए होगा।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews