Hindi News

कौन है T20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाला कप्तान? रोहित शर्मा का टूट चुका है रिकॉर्ड

Written by:Rishabh Namdev
Published:
क्या आप जानते हैं कि कुछ समय पहले तक T20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले कप्तान में रोहित शर्मा का नाम पहले नंबर पर आता था, लेकिन अब उनका यह रिकॉर्ड टूट चुका है। अब यह रिकॉर्ड किसी और कप्तान ने अपने नाम कर लिया है।
कौन है T20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाला कप्तान? रोहित शर्मा का टूट चुका है रिकॉर्ड

एशिया कप 2025, 9 सितंबर से शुरू होने वाला है। इस बार एशिया कप का यह बड़ा टूर्नामेंट T20 फॉर्मेट में खेला जाएगा। भारत के ऐसे कई खिलाड़ी रहे हैं जिन्होंने T20 में कमाल करके दिखाया है। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा पिछले साल T20 से संन्यास का ऐलान कर चुके हैं। ऐसे में वह एशिया कप के इस बड़े टूर्नामेंट में दिखाई नहीं देंगे। लेकिन T20 क्रिकेट में रोहित शर्मा का बड़ा नाम है। उन्होंने अपनी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के चलते कई रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं। काफी कम लोग जानते हैं कि T20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले कप्तानों में रोहित शर्मा का नाम आता था, हालांकि अब उनका यह रिकॉर्ड टूट चुका है।

दरअसल, रोहित शर्मा के रिकॉर्ड को तोड़ने वाले और कोई नहीं बल्कि यूएई टीम के कप्तान हैं। हाल ही में यूएई टीम के कप्तान ने T20 इंटरनेशनल में बतौर कप्तान सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज कर लिया है। चलिए आज हम आपको T20 में बतौर कप्तान सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले पांच खिलाड़ियों के बारे में बता रहे हैं।

यूएई के कप्तान मोहम्मद वसीम

बता दें कि इस समय यूएई के कप्तान मोहम्मद वसीम दुनिया के T20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले कप्तान हैं। हाल ही में उन्होंने रोहित शर्मा का रिकॉर्ड तोड़ा है। अफगानिस्तान के खिलाफ खेले गए मुकाबले में मोहम्मद वसीम ने 6 शानदार छक्के लगाए, जिसके चलते अब उनके नाम 110 छक्के हो चुके हैं। बता दें कि उन्होंने 54 मुकाबलों में 110 छक्के लगाए।

भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा

दूसरे नंबर पर भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा का नाम है। रोहित शर्मा ने T20 इंटरनेशनल में कुल 105 छक्के मारे। 2017 से रोहित शर्मा ने T20 में अपना कहर बरपाया। उन्होंने 2024 तक भारतीय टीम की कप्तानी की। उन्होंने 63 पारियों में 150 की स्ट्राइक रेट से 1905 रन बनाए।

इयोन मॉर्गन

तीसरे नंबर पर T20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले कप्तान का नाम इयोन मॉर्गन है। इयोन मॉर्गन ने 72 मैचों में 86 छक्के लगाए। इंग्लैंड के इस कप्तान ने 2012 से 2022 के बीच 72 मैचों में टीम की कप्तानी की। उन्होंने अपने करियर के दौरान 1469 रन बनाए।

आरोन फिंच

चौथे नंबर पर ऑस्ट्रेलिया के कप्तान आरोन फिंच का नाम है। आरोन फिंच ने 76 मुकाबलों में कप्तानी करते हुए 82 छक्के लगाए। T20 इंटरनेशनल क्रिकेट में आरोन फिंच का बड़ा नाम रहा। बता दें कि उनकी कप्तानी में ऑस्ट्रेलिया की टीम ने T20 विश्व कप भी जीता। T20 इंटरनेशनल में आरोन फिंच के नाम 172 रनों की व्यक्तिगत पारी खेलने का सबसे बड़ा रिकॉर्ड भी दर्ज है।

केंडल कडोवाकी-फ्लेमिंग

वहीं पांचवें नंबर पर T20 इंटरनेशनल क्रिकेट में एक ऐसे खिलाड़ी का नाम आता है जिन्हें बेहद ही कम लोग जानते हैं। दरअसल यह नाम केंडल कडोवाकी-फ्लेमिंग का है, जो जापान की टीम की कप्तानी करते हैं। इस कप्तान ने 39 T20 मुकाबलों में 79 छक्के लगाए हैं। उन्होंने 43 की औसत से बल्लेबाजी करते हुए 148 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews