एशिया कप 2025 का बड़ा टूर्नामेंट 9 सितंबर से शुरू होगा। 14 सितंबर को भारत और पाकिस्तान का महा मुकाबला देखने को मिलेगा। इस टूर्नामेंट से पहले भारत और पाकिस्तान के क्रिकेट बोर्ड आमने-सामने थे। दरअसल, पहले चैंपियंस ट्रॉफी में भी दोनों क्रिकेट बोर्ड के बीच विवाद देखने को मिला था। भारत ने पाकिस्तान में खेलने से मना कर दिया था, जिसके चलते भारत के मुकाबले न्यूट्रल वेन्यू पर आयोजित किए गए थे। जबकि पाकिस्तान ने एशिया कप 2025 भारत में खेलने से मना कर दिया, जिसके चलते यह टूर्नामेंट भी न्यूट्रल वेन्यू पर खेला जा रहा है। पाकिस्तान के सभी मुकाबले न्यूट्रल वेन्यू पर होंगे। भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाला 14 तारीख का मुकाबला भी न्यूट्रल वेन्यू पर होगा।
वहीं, अब इस मुकाबले से पहले पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष मोहसिन रजा नकवी ने बड़ा बयान दिया है। उनके मुताबिक, अब भारत और पाकिस्तान के मैचों के लिए पाकिस्तान भारत के सामने नहीं गिड़गिड़ाएगा। यानी आखिर मोहसिन रजा नकवी ने यह बयान क्यों दिया है।
ये भी पढ़ें
किस मामले को लेकर बोले पीसीबी के चैयरमेन
एक तरफ भारतीय फैंस पाकिस्तान से हो रहे मुकाबले को लेकर नाराज हैं, तो दूसरी ओर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष द्वारा दिया गया यह बयान अब मामले को और बढ़ा रहा है। बीसीसीआई और पीसीबी के बीच हाल ही में इस बात को लेकर सहमति बनी थी कि आईसीसी के बड़े टूर्नामेंट न्यूट्रल वेन्यू पर खेले जाएंगे। यही कारण है कि एशिया कप का मेजबान भारत है, लेकिन पाकिस्तान से होने वाला मुकाबला दुबई के मैदान पर खेला जाएगा। 14 सितंबर को होने वाले मुकाबले से पहले ही कई प्रकार के विवाद देखने को मिले। दरअसल, कई लोगों द्वारा मांग की गई कि पाकिस्तान के साथ क्रिकेट मैच नहीं खेला जाना चाहिए। लेकिन भारत सरकार ने यह साफ कर दिया कि नई खेल नीति के चलते मुकाबला होगा। अगर नेशनल या मल्टीनेशनल टूर्नामेंट न्यूट्रल वेन्यू पर होते हैं, तो दोनों देश आपस में मुकाबला खेल सकते हैं। दोनों देश द्विपक्षीय सीरीज नहीं खेलेंगे।
जानिए उन्होंने क्या कहा?
इसी नई नीति के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष मोहसिन रजा नकवी ने लाहौर में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि पाकिस्तान किसी भी हाल में अब बीसीसीआई के आगे नहीं झुकेगा। मोहसिन नकवी ने कहा “मुझे लगता है कि हमारा रुख अब एकदम स्पष्ट है कि भारत के साथ जब भी बात होगी तो बराबरी के स्तर पर की जाएगी। किसी भी मांग को मनवाने के लिए अब हम बीसीसीआई के आगे गिड़गिड़ाएंगे नहीं, भीख नहीं मांगेंगे। वह समय जा चुका है। आगे जो होगा, बराबरी के स्तर पर ही होगा।”