Hindi News

मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स की टीम के बीच होगा वूमेंस प्रीमियर लीग का फाइनल मुकाबला

Written by:Rishabh Namdev
Published:
15 मार्च को वूमेंस प्रीमियर लीग का फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। बीते दिन एलिमिनेटर में मुंबई इंडियंस ने गुजरात जायंट्स को हरा दिया, जिसके चलते अब मुंबई की टीम ने फाइनल में प्रवेश कर लिया। अब फाइनल मुकाबला मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स की टीम के बीच खेला जाएगा।
मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स की टीम के बीच होगा वूमेंस प्रीमियर लीग का फाइनल मुकाबला

वूमेंस प्रीमियर लीग 2025 का फाइनल मुकाबला मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला जाएगा। बता दें कि वूमेंस प्रीमियर लीग का यह तीसरा सीजन है। बीते दिन, गुरुवार को एलिमिनेटर मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने गुजरात जायंट्स को 47 रनों से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। वहीं, अब मुंबई इंडियंस की भिड़ंत फाइनल मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स से होगी। यह मुकाबला 15 मार्च को मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में खेला जाएगा।

बता दें कि मुंबई और गुजरात जायंट्स के बीच एलिमिनेटर मुकाबला भी मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में ही खेला गया था। मुंबई के लिए हैली मैथ्यूज और नैटली सिवर ब्रंट ने शानदार प्रदर्शन किया। दोनों ही खिलाड़ियों ने 77-77 रन की महत्वपूर्ण पारियां खेलीं। दोनों के बीच 133 रनों की बड़ी साझेदारी हुई।

कैसा रहा एलिमिनेटर का मुकाबला?

दरअसल, एलिमिनेटर मुकाबले में गुजरात जायंट्स की टीम ने टॉस जीता था। टॉस जीतकर गुजरात ने गेंदबाजी करने का निर्णय लिया था। पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। दरअसल, टीम ने यस्तिका भाटिया का विकेट गंवा दिया। यस्तिका ने 14 गेंदों में मात्र 15 रन बनाए, लेकिन इसके बाद हेली मैथ्यूज और नैटली सिवर ब्रंट ने टीम को संभाला। दोनों ने मिलकर 133 रनों की साझेदारी की और टीम को 150 के पार पहुंचा दिया। हालांकि, दोनों ही खिलाड़ी 77 रन बनाकर आउट हो गईं। हेली मैथ्यूज ने 77 रन बनाए, जिसमें उन्होंने 10 चौके और तीन छक्के लगाए, जबकि नैटली सिवर ब्रंट ने 41 गेंदों में 77 रन बनाए। उन्होंने 10 चौके और दो छक्के लगाए।

लक्ष्य का पीछा नहीं कर सकी गुजरात जायंट्स

वहीं, लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात जायंट्स की टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। दरअसल, पहले ही ओवर में टीम ने बेथ मूनी का विकेट गंवा दिया। वह मात्र 6 रन बनाकर आउट हो गईं। इसके बाद हरलीन देओल और कप्तान एश्ले गार्डनर भी सस्ते में आउट हो गईं। दोनों ने कुल 88 रन की पारी खेली। टीम ने 43 के स्कोर पर अपने तीन महत्वपूर्ण विकेट गंवा दिए। हालांकि, टीम की ओर से डैनिले गिबसन ने अच्छी पारी खेली। उन्होंने 34 रन बनाए, लेकिन वह भी 34 के स्कोर पर आउट हो गईं। उनके बाद लीचफील्ड ने 31 रन बनाकर टीम को 100 के पार पहुंचाया, लेकिन टीम ने 112 रन के स्कोर पर ही अपने छह विकेट गंवा दिए और मुंबई इंडियंस से 47 रनों से हार गई।

मध्य प्रदेश से जुड़ी विश्वसनीय और ताज़ा खबरें MP Breaking News in Hindi यहां आपको मिलती है MP News के साथ साथ लगातार अपडेट, राजनीति, अपराध, मौसम और स्थानीय घटनाओं की सटीक जानकारी। भरोसेमंद खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और अपडेटेड रहें !