Hindi News

कौन हैं नीरज राठौर? जिसने 39 गेंदों में लगा दिए 8 छक्के और 8 चौके, बनाया शानदार शतक

Written by:Rishabh Namdev
Published:
कौन हैं नीरज राठौर जिन्होंने उत्तराखंड प्रीमियर लीग में 39 गेंदों में शतक जड़कर पूरी क्रिकेट दुनिया में खलबली मचा दी है। इस खिलाड़ी ने 199 रन के लक्ष्य को मात्र 15.5 ओवर में हासिल करवा दिया। नीरज राठौर ने सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोरी हैं। चलिए जानते हैं इस खिलाड़ी के बारे में पूरी जानकारी।
कौन हैं नीरज राठौर? जिसने 39 गेंदों में लगा दिए 8 छक्के और 8 चौके, बनाया शानदार शतक

इस समय उत्तराखंड प्रीमियर लीग खेली जा रही है। इस लीग में एक खिलाड़ी ने खूब चर्चाएं बटोरी हैं। दरअसल हम बात कर रहे हैं नीरज राठौर की, जिन्होंने 39 गेंदों में शतक ठोककर तहलका मचा दिया है। नीरज राठौर ने 8 चौकों और 8 छक्कों से अपनी पारी को सजाया और विश्व क्रिकेट में सुर्खियां बटोरीं। उनकी ऐसी शानदार पारी के चलते उनकी टीम ने 199 रन के लक्ष्य को मात्र 15.5 ओवर में ही हासिल कर लिया। सोशल मीडिया पर नीरज राठौर को लेकर चर्चाएं शुरू हो गईं और लोग जानना चाह रहे हैं कि नीरज राठौर कौन हैं।

चलिए हम आपको बताते हैं उत्तराखंड प्रीमियर लीग में चर्चाएं बटोरने वाला यह खिलाड़ी कौन है। क्या इससे पहले भी इस खिलाड़ी ने इस तरह की बड़ी पारियां खेली हैं और यह खिलाड़ी कहां से आता है इसके अलावा किस टीम के लिए डोमेस्टिक क्रिकेट खेलता है। चलिए इसके बारे में पूरी जानकारी जानते हैं।

पहले शतकीय पारी पर डालें नजर

दरअसल नीरज राठौर ने उत्तराखंड प्रीमियर लीग में नैनीताल टाइगर्स के खिलाफ खेलते हुए 39 गेंदों में शतक ठोक दिया। अपनी पारी में नीरज राठौर ने 8 छक्के और 8 चौके लगाए। नैनीताल के गेंदबाजों की जमकर धुलाई की। उनकी शानदार पारी के चलते उनकी टीम ने विशाल लक्ष्य को मात्र 15.5 ओवर में ही हासिल कर लिया। दरअसल नैनीताल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 199 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था। लेकिन लक्ष्य का पीछा करने उतरी हरिद्वार की टीम ने उसे रोमांचक अंदाज में हासिल कर लिया। हालांकि टीम की शुरुआत ठीक नहीं रही थी और टीम ने जल्द ही अपने दो विकेट गंवा दिए थे। लेकिन जैसे ही नीरज राठौर क्रीज पर आए उन्होंने रन बरसाना शुरू कर दिया। नीरज राठौर ने आक्रामक अंदाज दिखाया और ताबड़तोड़ छक्के लगाए। नीरज ने अपनी पारी में कुल 8 चौके और 8 छक्के लगाए। उन्होंने 250 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की, जिससे विपक्षी टीम के गेंदबाज हैरान रह गए।

कौन है नीरज राठौर?

इसके बाद सोशल मीडिया पर यह चर्चाएं शुरू हो गईं कि यह खिलाड़ी कौन है। बता दें कि नीरज राठौर की उम्र मात्र 27 साल है और वे उत्तराखंड की घरेलू टीम से क्रिकेट खेल चुके हैं। साल 2022 में भी वे सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में खेलते हुए दिखाई दिए थे लेकिन इस दौरान उनके बल्ले से इस प्रकार का प्रदर्शन देखने को नहीं मिला था। इसके बाद उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया था। लंबे वक्त तक टीम से बाहर रहने के बाद अब उन्होंने उत्तराखंड प्रीमियर लीग में तूफानी पारी खेलते हुए सुर्खियां बटोरी हैं। उन्होंने यह साबित कर दिया कि अगर मौके दिए जाएं तो कोई भी खिलाड़ी कमाल कर सकता है। नीरज राठौर भारत के लिए भी आने वाले समय में ऐसी ही मैच जिताऊ पारियां खेल सकते हैं।

वहीं, इस मुकाबले में छक्कों और चौकों की बरसात देखने को मिली। दोनों टीमों ने मिलकर 26 छक्के लगाए और 400 से ज्यादा रन बना डाले। नैनीताल द्वारा दिए गए लक्ष्य को हरिद्वार की टीम ने मात्र 15.5 ओवर में ही हासिल कर लिया।