न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड ने बांग्लादेश के खिलाफ होने वाली सफेद गेंद (वनडे और टी20) सीरीज के लिए अपनी टीम का ऐलान कर दिया है। दरअसल टीम में तीन प्रमुख तेज गेंदबाजों मैट फिशर, विल ओ’रूर्के और ब्लेयर टिकनर की वापसी हुई है, जिससे उनका गेंदबाजी आक्रमण काफी मजबूत नजर आ रहा है। वहीं नियमित कप्तान मिचेल सैंटनर की अनुपस्थिति में अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज टॉम लाथम टीम की अगुवाई करेंगे। जानकारी दे दें कि न्यूजीलैंड की टीम 13 अप्रैल को बांग्लादेश के लिए रवाना होगी, जहां दौरे की शुरुआत 17 अप्रैल को पहले वनडे से होगी।
दरअसल चोट के कारण कुछ समय से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से बाहर चल रहे इन तीनों तेज गेंदबाजों का टीम में लौटना न्यूजीलैंड के लिए एक सकारात्मक संकेत है। विल ओ’रूर्के पीठ की चोट से पूरी तरह उबरकर वनडे टीम में शामिल हुए हैं। वहीं मैट फिशर ने पिंडली की चोट से ठीक होने के बाद टी20 टीम में वापसी की है, जो उनकी फिटनेस के लिए महत्वपूर्ण है। ब्लेयर टिकनर अपनी टखने की समस्या से पूरी तरह ठीक होकर दोनों फॉर्मेट की टीमों में जगह बनाने में सफल रहे हैं। इन खिलाड़ियों की वापसी से टीम के तेज गेंदबाजी विभाग को अनुभव और गहराई मिलेगी, जो बांग्लादेश जैसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में अहम साबित हो सकता है।
हेड कोच रॉब वाल्टर ने तेज गेंदबाजों की वापसी पर खुशी जाहिर की
दरअसल टीम के हेड कोच रॉब वाल्टर ने इन तेज गेंदबाजों की वापसी पर खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा है कि इन खिलाड़ियों ने टीम में वापसी के लिए कड़ी मेहनत की है और इनका टीम में आना बहुत फायदेमंद होगा। वाल्टर ने यह भी बताया कि आजकल लगातार क्रिकेट हो रहा है, ऐसे में टीम के गेंदबाजी अटैक में पर्याप्त गहराई होना बेहद आवश्यक है ताकि खिलाड़ियों को रोटेट किया जा सके और चोटों से बचा जा सके। यह नीति खिलाड़ियों के वर्कलोड प्रबंधन में भी मदद करती है।
वहीं ऑलराउंडर डीन फॉक्सक्रॉफ्ट की भी न्यूजीलैंड की सफेद गेंद टीम में वापसी हुई है। दरअसल वह अप्रैल 2024 के बाद पहली बार राष्ट्रीय टीम में लौटे हैं। फॉक्सक्रॉफ्ट ने 2025-26 के घरेलू सीजन में सेंट्रल स्टैग्स को फाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई थी। उस टूर्नामेंट में वह चौथे सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे थे। उनकी वापसी से टीम के मध्यक्रम और स्पिन गेंदबाजी विकल्प को मजबूती मिलेगी, जिससे टीम को अधिक संतुलन मिलेगा।
मिचेल सैंटनर को टीम में शामिल नहीं किया गया
दूसरी और अनुभवी ऑलराउंडर मिचेल सैंटनर को आईपीएल 2026 में अपनी प्रतिबद्धताओं के कारण टीम में शामिल नहीं किया गया है। उनकी अनुपस्थिति टीम के लिए एक बड़ा झटका है, क्योंकि सैंटनर एक अनुभवी स्पिनर और उपयोगी बल्लेबाज हैं। सैंटनर की गैरमौजूदगी में अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज टॉम लाथम वनडे और टी20 दोनों टीमों की कमान संभालेंगे। लाथम के पास कप्तानी का अच्छा अनुभव है और उन्होंने पहले भी न्यूजीलैंड का सफलतापूर्वक नेतृत्व किया है। उनकी अगुवाई में टीम को स्थिरता मिलने की उम्मीद है, खासकर तब जब कई युवा खिलाड़ी टीम में शामिल हुए हैं।
वहीं न्यूजीलैंड टीम 13 अप्रैल को बांग्लादेश के लिए रवाना होगी। दौरे की शुरुआत वनडे सीरीज से होगी, जिसका पहला मैच 17 अप्रैल को खेला जाएगा। यह सीरीज आगामी टी20 विश्व कप की तैयारियों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि इससे टीम को अपनी बेंच स्ट्रेंथ और विभिन्न संयोजन आज़माने का अवसर मिलेगा।
न्यूजीलैंड की वनडे टीम:
- टॉम लाथम (कप्तान)
- मुहम्मद अब्बास
- आदित्य अशोक
- क्रिस्टियन क्लार्क
- जोश क्लार्कसन
- डेन क्लीवर
- डीन फॉक्सक्रॉफ्ट
- निक केली
- जेडन लेनोक्स
- हेनरी निकोल्स
- विल ओ’रूर्के
- बेन सियर्स
- नाथन स्मिथ
- ब्लेयर टिकनर
- विल यंग
न्यूजीलैंड की टी20 टीम:
- टॉम लाथम (कप्तान)
- केटीन क्लार्क
- क्रिस्टियन क्लार्क
- जोश क्लार्कसन
- डेन क्लीवर
- मैट फिशर
- डीन फॉक्सक्रॉफ्ट
- बेवन जैकब्स
- निक केली
- जेडन लेनोक्स
- टिम रॉबिन्सन
- बेन सियर्स
- नाथन स्मिथ
- ईश सोढ़ी
- ब्लेयर टिकनर






