बांग्लादेश ने एक बार फिर रोमांचक मुकाबले में पाकिस्तान को हराकर क्रिकेट जगत को चौंका दिया है। ढाका में खेले गए तीसरे और निर्णायक वनडे मैच में मेजबान टीम ने पाकिस्तान को 11 रनों से मात दी। इस जीत के साथ ही बांग्लादेश ने तीन मैचों की वनडे सीरीज पर 2-1 से कब्जा कर लिया। पाकिस्तान के लिए सलमान आगा ने शानदार शतकीय पारी खेली, लेकिन वह टीम को जीत की दहलीज तक नहीं पहुंचा सके।

यह वनडे इतिहास में केवल सातवीं बार है जब बांग्लादेश ने पाकिस्तान को हराया है। पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर बांग्लादेश ने सलामी बल्लेबाज तंजीद हसन के पहले वनडे शतक (107 रन) की बदौलत निर्धारित 50 ओवरों में 290 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।

सलमान आगा का शतक गया बेकार

291 रनों के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तानी टीम की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही। टीम ने महज 17 रन के स्कोर पर अपने तीन शीर्ष बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए। इसके बाद भी विकेट गिरने का सिलसिला नहीं थमा और साहिबजादा फरहान से लेकर मोहम्मद रिजवान जैसे अनुभवी बल्लेबाज भी जल्दी पवेलियन लौट गए। नतीजतन, पाकिस्तान का स्कोर एक समय 82 रन पर 5 विकेट हो गया था।

यहां से सलमान आगा ने पारी को संभाला। उन्होंने पहले साद मसूद के साथ 79 रन जोड़े, फिर फहीम अशरफ के साथ 48 और शाहीन अफरीदी के साथ 52 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारियां कर पाकिस्तान की मैच में वापसी कराई। जब लग रहा था कि सलमान टीम को जीत दिला देंगे, तभी 48वें ओवर में वह 106 रन बनाकर आउट हो गए।

आखिरी ओवरों का रोमांच

मैच का रोमांच अपने चरम पर तब पहुंचा जब पाकिस्तान को आखिरी दो ओवरों में जीत के लिए 28 रनों की दरकार थी। 49वां ओवर फेंकने आए मुस्तफिजुर रहमान की पहली तीन गेंदों पर शाहीन अफरीदी ने दो छक्के जड़कर पाकिस्तानी खेमे में उम्मीद जगा दी। लेकिन मुस्तफिजुर ने शानदार वापसी करते हुए ओवर की आखिरी गेंद पर हारिस रऊफ को आउट कर दिया।

अंतिम ओवर में पाकिस्तान को 13 रन चाहिए थे और क्रीज पर शाहीन अफरीदी मौजूद थे। लेकिन रिशाद हुसैन ने कसी हुई गेंदबाजी की और अफरीदी एक भी बड़ा शॉट नहीं खेल पाए, जिससे पाकिस्तान की टीम 279 रन पर ही सिमट गई और मैच हार गई।