रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के तेज गेंदबाज यश दयाल को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। गंभीर आरोपों के कारण क्रिकेट से दूर चल रहे यश ने गुपचुप तरीके से शादी कर ली है। रिपोर्ट्स के अनुसार, यह शादी करीब एक महीने पहले 4 फरवरी को उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में संपन्न हुई थी। इस शादी को इतना निजी रखा गया कि परिवार के सदस्यों के अलावा किसी को भी इसकी भनक तक नहीं लगी।

यश दयाल पिछले कुछ समय से यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोपों का सामना कर रहे हैं, जिसके चलते वह यूपी टी20 लीग 2025 का हिस्सा भी नहीं बन पाए थे। इन विवादों के बीच उनकी शादी की खबर ने सभी को हैरान कर दिया है। सबसे बड़ा सवाल यह भी है कि क्या वह इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के अगले सीजन में खेल पाएंगे या नहीं।

कौन हैं यश दयाल की पत्नी?

यश दयाल की पत्नी का नाम श्वेता पुंडीर है। श्वेता पेशे से एक कंटेंट क्रिएटर हैं और सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहती हैं। हाल ही में उन्होंने यश दयाल के साथ एक रील भी अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा की थी, जिससे दोनों के रिश्ते की पुष्टि हुई थी। इस रील के अलावा भी वह यश से जुड़ी पोस्ट्स शेयर करती रही हैं।

शादी में किसी दोस्त या क्रिकेटर को नहीं बुलाया

मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि शादी को बेहद गोपनीय रखा गया था। समारोह में परिवार के करीबी सदस्यों के अलावा किसी भी बाहरी व्यक्ति, दोस्त या क्रिकेटर को आमंत्रित नहीं किया गया था। यही वजह है कि शादी के एक महीने से ज्यादा समय बीत जाने के बाद यह जानकारी सार्वजनिक हुई है।

कैसा रहा है यश दयाल का IPL करियर

उत्तर प्रदेश के लिए घरेलू क्रिकेट खेलने वाले यश दयाल ने अब तक अपने आईपीएल करियर में कुल 43 मैच खेले हैं। इन 43 पारियों में गेंदबाजी करते हुए उन्होंने 33.90 की औसत और 9.57 की इकॉनमी रेट से 41 विकेट अपने नाम किए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 20 रन देकर 3 विकेट लेना रहा है।