खराब प्रदर्शन के चलते आलोचनाओं का सामना कर रहे रोहित शर्मा अब रणजी ट्रॉफी में खेलते हुए दिखाई दे सकते हैं। जानकारी के मुताबिक, रोहित शर्मा मुंबई की टीम से 10 साल बाद रणजी ट्रॉफी का मैच खेल सकते हैं। दरअसल, मुंबई अपनी रणजी ट्रॉफी सीजन की शुरुआत जम्मू-कश्मीर के खिलाफ करेगी। ऐसे में रोहित शर्मा इस मैच में खेलते हुए नजर आ सकते हैं।
दरअसल, रोहित शर्मा ने बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में खास प्रदर्शन नहीं किया था, जिसके चलते उन्हें आलोचनाओं का सामना करना पड़ा। कई दिग्गजों ने रोहित शर्मा को संन्यास लेने की सलाह दी थी। हालांकि, रोहित शर्मा ने संन्यास की खबरों को खारिज करते हुए कहा था कि वह जानते हैं, उन्हें कब संन्यास लेना है।
ये भी पढ़ें
10 साल बाद मुंबई के लिए रणजी ट्रॉफी मुकाबला खेलेंगे
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो रोहित शर्मा गुरुवार को वानखेड़े स्टेडियम में प्रैक्टिस शुरू कर सकते हैं। मुंबई अपनी रणजी ट्रॉफी का मैच वानखेड़े स्टेडियम में जम्मू-कश्मीर के खिलाफ खेलेगी। हालांकि, अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि रोहित शर्मा इस मुकाबले में खेलेंगे या नहीं। फिलहाल, रोहित शर्मा नेट प्रैक्टिस करेंगे, लेकिन वह जम्मू-कश्मीर के बाद होने वाले रणजी मुकाबलों में भी खेलते हुए दिखाई दे सकते हैं। यदि ऐसा होता है, तो रोहित शर्मा 10 साल बाद मुंबई के लिए रणजी ट्रॉफी मुकाबला खेलेंगे। इससे पहले, उन्होंने 2015 में मुंबई की ओर से रणजी ट्रॉफी का मुकाबला खेला था। यह देखना दिलचस्प होगा कि रोहित शर्मा रणजी ट्रॉफी में खेलेंगे या नहीं।
बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में मात्र 10 के औसत से रन बनाए
बता दें कि चैंपियंस ट्रॉफी का टूर्नामेंट फरवरी में होगा। ऐसे में प्रैक्टिस के लिहाज से रणजी ट्रॉफी का यह सीजन रोहित शर्मा के लिए बेहद खास रहेगा। दरअसल, रोहित शर्मा इस समय अपनी फॉर्म को खोज रहे हैं। रणजी ट्रॉफी में प्रैक्टिस के साथ-साथ अच्छा प्रदर्शन करने से उन्हें चैंपियंस ट्रॉफी में फायदा हो सकता है। गौरतलब है कि रोहित शर्मा ने बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में मात्र 10 के औसत से रन बनाए थे, जिसके चलते उन्हें आलोचनाओं का सामना करना पड़ा। अब देखना होगा कि रोहित शर्मा चैंपियंस ट्रॉफी में कैसा प्रदर्शन करते हैं।