आज के समय में क्रिकेट में युवा बल्लेबाज खूब धूम मचा रहे हैं। ये बल्लेबाज छोटी-छोटी उम्र में ही बड़े रिकॉर्ड बना रहे हैं। इसका सीधा उदाहरण वैभव सूर्यवंशी हैं, जिन्होंने आईपीएल 2025 में बड़े-बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए थे। न सिर्फ वैभव सूर्यवंशी बल्कि आयुष म्हात्रे जैसे खिलाड़ी भी इसमें शामिल हैं। जबकि अगर क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ियों की बात की जाए तो इनमें सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली जैसे खिलाड़ी शामिल हैं जिन्होंने कई बड़े रिकॉर्ड बनाए हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि क्रिकेट के कुछ ऐसे रिकॉर्ड भी हैं जिन्हें तोड़ पाना नामुमकिन नजर आता है? आज हम आपको क्रिकेट के इतिहास के कुछ ऐसे रिकॉर्ड्स के बारे में बता रहे हैं जिन्हें तोड़ पाना बेहद मुश्किल है।
रोहित शर्मा का 264 रन का रिकॉर्ड
इस रिकॉर्ड में सबसे पहला नाम रोहित शर्मा के रिकॉर्ड का आता है। बता दें कि साल 2014 में श्रीलंका के खिलाफ रोहित शर्मा ने एक दिवसीय क्रिकेट मैच में 264 रन की पारी खेली थी। अपनी पारी में रोहित शर्मा ने 173 गेंदों का सामना किया था, जिसमें 33 चौके और 9 छक्के लगाए थे। बता दें कि रोहित शर्मा के नाम वनडे क्रिकेट के इतिहास में सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर बनाने का बड़ा रिकॉर्ड दर्ज है। अब तक वनडे क्रिकेट में कोई भी बल्लेबाज इस रिकॉर्ड के पास भी नहीं पहुंच सका है।
31 गेंदों पर शून्य बनाकर आउट होने का रिकॉर्ड
वहीं दूसरे नंबर पर वेस्टइंडीज के क्रिकेटर रनाको मॉर्टन का नाम आता है। बता दें कि रनाको मॉर्टन के नाम वनडे क्रिकेट में सबसे धीमा शून्य बनाने का रिकॉर्ड है। उन्होंने 31 गेंदों पर शून्य बनाकर यह रिकॉर्ड अपने नाम किया था। यह शर्मनाक रिकॉर्ड 24 सितंबर 2006 को मलेशिया के कुआलालंपुर में डीएलएफ कप के फाइनल मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बनाया गया था।
वनडे क्रिकेट में मात्र 31 गेंदों में शतक जड़ने का रिकॉर्ड
वहीं तीसरे नंबर पर साउथ अफ्रीका के बल्लेबाज एबी डी विलियर्स का नाम आता है। बता दें कि वनडे क्रिकेट में एबी डी विलियर्स के नाम सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड है। उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ 2015 में मात्र 31 गेंदों में शतक जड़ा था। आज तक कोई भी बल्लेबाज इतनी कम गेंदों में वनडे क्रिकेट में शतक नहीं बना पाया है।
161.3 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद फेंकने का रिकॉर्ड
बता दें कि ऐसा ही एक रिकॉर्ड पाकिस्तान के शोएब अख्तर के नाम दर्ज है। क्रिकेट इतिहास में सबसे तेज गेंद डालने का विश्व रिकॉर्ड शोएब अख्तर ने बनाया है। उन्होंने 2003 के विश्व कप में इंग्लैंड के खिलाफ 161.3 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद फेंकी थी। आज तक उनका यह रिकॉर्ड कोई भी गेंदबाज नहीं तोड़ पाया है। बता दें कि उनकी इस स्पीड के कारण ही उन्हें ‘रावलपिंडी एक्सप्रेस’ के नाम से जाना जाता है।
इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड
बता दें कि इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड श्रीलंका के मुथैया मुरलीधरन के नाम है। मुरलीधरन ने इंटरनेशनल क्रिकेट में कुल 1347 विकेट अपने नाम किए थे। अब तक इस रिकॉर्ड के करीब भी कोई खिलाड़ी नहीं पहुंच पाया है। उनके बाद इस लिस्ट में ऑस्ट्रेलिया के शेन वॉर्न का नाम आता है जिन्होंने 1001 विकेट अपने नाम किए थे। लेकिन मौजूदा समय में इस लिस्ट में कोई भी खिलाड़ी इनके आसपास नहीं है।






