Hindi News

सफल रही श्रेयस अय्यर की सर्जरी, जानिए वापसी में कितना समय लगेगा? बीसीसीआई सेक्रेटरी ने दी जानकारी

Written by:Rishabh Namdev
Published:
श्रेयस अय्यर की इंजरी को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है। बता दें कि श्रेयस अय्यर की सर्जरी हो गई है और सफल रही है, लेकिन श्रेयस को ठीक होने में काफी समय लग सकता है। दरअसल, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए तीसरे वनडे मुकाबले में श्रेयस अय्यर को कैच पकड़ते समय चोट लगी थी और उन्हें इंटरनल ब्लीडिंग की परेशानी से जूझना पड़ा था।
सफल रही श्रेयस अय्यर की सर्जरी, जानिए वापसी में कितना समय लगेगा?  बीसीसीआई सेक्रेटरी ने दी जानकारी

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले गए वनडे सीरीज के आखिरी मुकाबले में श्रेयस अय्यर कैच पकड़ते हुए चोटिल हो गए थे। वहीं अब श्रेयस अय्यर को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। दरअसल, श्रेयस अय्यर की सर्जरी सफल रही है और उनकी हालत में सुधार है। उन्हें लेकर बीसीसीआई के वाइस प्रेसिडेंट राजीव शुक्ला ने कहा है कि अब श्रेयस अय्यर को आईसीयू से जनरल वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है। हालांकि फिलहाल उन्हें डिस्चार्ज करने में कुछ दिन लग सकते हैं। जल्द ही श्रेयस के परिवार के सदस्य भी सिडनी पहुंच जाएंगे और उनके साथ रह सकेंगे। परिवार वाले रिकवरी के दौरान श्रेयस की देखभाल कर पाएंगे।

जानकारी के अनुसार, श्रेयस अय्यर की पसली में चोट आई थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्हें इंटरनल ब्लीडिंग भी हुई थी, जिसके चलते उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया था। 25 अक्टूबर को खेले गए वनडे मुकाबले में सिडनी के मैदान पर श्रेयस ने 34वें ओवर में हर्षित राणा की गेंद पर एलेक्स कैरी का कैच पकड़ने के लिए दौड़ लगाई थी। हालांकि उन्होंने कैच पकड़ लिया था, लेकिन इस दौरान उन्हें पसलियों में चोट लगी थी। दरअसल, उनकी बाईं पसली में गंभीर चोट आई थी।

पूरी तरह से ठीक होने में 6 से 8 हफ्ते लगेंगे

वहीं, बीसीसीआई के सेक्रेटरी देवजीत सेकिया ने श्रेयस अय्यर की हेल्थ को लेकर अपडेट दिया है। उन्होंने कहा कि ‘अब श्रेयस अय्यर पहले से बेहतर हैं। डॉक्टरों के अनुसार, उम्मीद से ज्यादा तेजी से श्रेयस अय्यर रिकवरी कर रहे हैं। मैं बीसीसीआई की मेडिकल टीम के डॉक्टर रिजवान से उन्हें लेकर नियमित रूप से बात कर रहा हूं। श्रेयस को पूरी तरह से ठीक होने में 6 से 8 हफ्ते लगेंगे। डॉक्टर श्रेयस अय्यर की रिकवरी से संतुष्ट हैं। श्रेयस अय्यर ने अपने रुटीन के काम भी शुरू कर दिए हैं। हालांकि उनकी चोट गंभीर थी, लेकिन उन्होंने रिकवर कर लिया है और अब पूरी तरह खतरे से बाहर हैं।’ दरअसल, श्रेयस इस समय भारतीय वनडे टीम के उपकप्तान हैं, ऐसे में उनके चोटिल हो जाने से भारतीय फैंस चिंतित हैं।

वापसी का निश्चित समय बताना मुश्किल

रिपोर्ट के मुताबिक श्रेयस अय्यर को ठीक होने में अभी काफी समय लग सकता है। बता दें कि उन्हें अंदरूनी ब्लीडिंग हुई थी, जिसके चलते रिकवरी में समय लगेगा। उनकी वापसी का निश्चित समय बताना फिलहाल मुश्किल है। हालांकि वह कम से कम एक हफ्ते तक अस्पताल में रहेंगे। श्रेयस अय्यर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज के स्क्वाड में शामिल नहीं किया गया है। ऐसे में फिलहाल उन पर किसी बड़ी सीरीज का दबाव नहीं है। लेकिन इसके बाद दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारतीय टीम को वनडे सीरीज खेलनी है। क्या श्रेयस अय्यर तब तक ठीक हो पाएंगे, यह देखना दिलचस्प रहेगा। बता दें कि दक्षिण अफ्रीका की टीम भारतीय दौरे पर आएगी, जिसमें वनडे मुकाबले भी खेले जाएंगे। ऐसे में श्रेयस अय्यर के उपकप्तान होने और उनके शानदार प्रदर्शन को देखते हुए भारतीय टीम उनकी जल्द रिकवरी की उम्मीद कर रही है।