Hindi News

10 दिन में दूसरा फाइनल खेलेंगे श्रेयस अय्यर, आज कर सकते हैं RCB से मिली हार का बदला पूरा, जानिए किस टीम से है मुकाबला

Written by:Rishabh Namdev
Published:
टी20 मुंबई लीग का फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक होने वाला है, जहां श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली सोबो मुंबई फाल्कंस मराठा रॉयल्स मुंबई साउथ सेंट्रल से भिड़ने वाली है। दरअसल श्रेयस अय्यर हाल ही में आईपीएल 2025 फाइनल खेल चुके हैं और अब 10 दिन के अंदर दूसरा खिताबी मुकाबला खेलने उतरेंगे। 
10 दिन में दूसरा फाइनल खेलेंगे श्रेयस अय्यर, आज कर सकते हैं RCB से मिली हार का बदला पूरा, जानिए किस टीम से है मुकाबला

टी20 मुंबई लीग का फाइनल मुकाबला आज गुरुवार को खेला जाएगा, जहां श्रेयस अय्यर की अगुआई वाली सोबो मुंबई फाल्कंस का सामना सिद्धेश लाड की मराठा रॉयल्स से होगा। दरअसल श्रेयस अय्यर के लिए यह मुकाबला बेहद खास होने वाला है, क्योंकि वो 10 दिन के अंदर दूसरा फाइनल खेल रहे हैं। इससे पहले तीन जून को वह पंजाब किंग्स के कप्तान के रूप में आईपीएल फाइनल में पहुंचे थे, लेकिन वहां उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में अब वह इस हार को पीछे छोड़ते हुए मुंबई फाल्कंस को खिताबी जीत दिलाने की कोशिश करेंगे।

दरअसल मुंबई फाल्कंस ने टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच में से चार मैच जीते और सेमीफाइनल में नमो बांद्रा ब्लास्टर्स को पांच विकेट से हराकर फाइनल में जगह बनाई। इस टीम ने एआरसीएस अंधेरी को सुपर ओवर में हराकर शुरुआत की, फिर नॉर्थ मुंबई पेंथर्स को 9 विकेट से और ट्रंफ नाइट्स एमएनई को 4 विकेट से हराया। हालांकि ईगल ठाणे स्ट्राइकर्स के खिलाफ उन्हें हार का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने आखिरी लीग मैच में आकाश टाइगर्स को 5 विकेट से हराकर वापसी की।

मराठा रॉयल्स ने भी टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया

वहीं मराठा रॉयल्स ने भी टूर्नामेंट में मजबूत प्रदर्शन किया। उन्होंने आकाश टाइगर्स को पहले मुकाबले में हराया, हालांकि ट्रंफ नाइट्स से हार का सामना करना पड़ा। लेकिन इसके बाद उन्होंने ईगल ठाणे स्ट्राइकर्स और एआरसीएस अंधेरी को हराकर सेमीफाइनल का टिकट कटाया। वहां उन्होंने फिर से ईगल ठाणे को 8 विकेट से हराकर फाइनल में जगह बनाई। कप्तान सिद्धेश लाड शानदार फॉर्म में हैं और सेमीफाइनल में उन्होंने नाबाद 74 रन बनाए थे।

श्रेयस अय्यर भूलना चाहेंगे आईपीएल 2025 का फ़ाइनल

वहीं श्रेयस अय्यर के लिए ये फाइनल मुकाबला काफी अहम होने वाला है। दरअसल आईपीएल फाइनल में मिली हार उनके लिए एक कड़वा अनुभव रहा है। वहां उनकी टीम पंजाब किंग्स रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से हार गई थी। अब टी20 मुंबई लीग का फाइनल उन्हें खुद को साबित करने और एक बार फिर ट्रॉफी उठाने का मौका दे रहा है। हालांकि सेमीफाइनल में उनका बल्ला नहीं चला और वो सिर्फ एक रन बनाकर आउट हो गए, लेकिन फाइनल में उनसे बड़ी पारी की उम्मीद होगी। टीम की बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में संतुलन है और अय्यर का अनुभव मैदान पर फर्क पैदा कर सकता है।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews