Hindi News

भारतीय टीम को मिलने वाला है नया कप्तान! जसप्रीत बुमराह नहीं इन तीन खिलाड़ियों के नाम पर हो रही है चर्चा

Written by:Rishabh Namdev
Published:
आईपीएल के बाद भारतीय टीम को कई बड़ी सीरीज खेलनी हैं। भारतीय टीम का 2025 का शेड्यूल बेहद ही पैक नजर आ रहा है। भारत के सामने सबसे बड़ी समस्या कप्तानी की है, दरअसल तीनों फॉर्मेट में इस समय भारत के अलग-अलग कप्तान हैं। ऐसे में क्या भारतीय टीम को जल्द ही तीनों फॉर्मेट का एक कप्तान मिल सकता है?
भारतीय टीम को मिलने वाला है नया कप्तान! जसप्रीत बुमराह नहीं इन तीन खिलाड़ियों के नाम पर हो रही है चर्चा

इस समय भारत के बड़े-बड़े खिलाड़ी आईपीएल में व्यस्त हैं, लेकिन आईपीएल के बाद खिलाड़ियों को भारतीय टीम की ओर से कई महत्वपूर्ण दौरों पर जाना है। भारत इस साल एशिया कप 2025 भी खेलेगा। इसके अलावा इंग्लैंड के साथ महत्वपूर्ण टेस्ट सीरीज भी खेलेगा, जो वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के नए चक्र की शुरुआत भी है। वहीं, साउथ अफ्रीका और बांग्लादेश जैसी टीमों से भी सीरीज खेलनी है। सवाल उठता है कि क्या भारतीय टीम को नया कप्तान जल्द ही मिल सकता है? क्या रोहित शर्मा अपने सान्निध्य में किसी कप्तान को तैयार कर सकते हैं?

इंग्लैंड टेस्ट सीरीज में भारतीय टीम रोहित शर्मा की कप्तानी में मैदान पर उतर सकती है, लेकिन भारत को एक नया कप्तान मिल सकता है। दरअसल, रोहित शर्मा की मौजूदगी में इस कप्तान को तैयार किया जा सकता है। रिपोर्ट्स की मानें तो बीसीसीआई जसप्रीत बुमराह को उपकप्तान बनाने के समर्थन में नहीं है।

जानकारी के मुताबिक, जसप्रीत बुमराह की फिटनेस को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। आईपीएल के दो महीने बाद ही यह सीरीज है। हालांकि आईपीएल में जसप्रीत बुमराह खेल रहे हैं, लेकिन उनकी फिटनेस को लेकर लंबे समय से चर्चाएं हो रही हैं। भारतीय टीम को इस सीरीज में पांच टेस्ट मैच खेलने हैं। ऐसे में पांच टेस्ट मैचों में कप्तानी करना और फिटनेस को बनाए रखना चुनौतीपूर्ण होगा। वहीं रिपोर्ट्स की मानें तो बीसीसीआई जसप्रीत बुमराह को सभी पांच टेस्ट मैच खिलाने के बारे में भी नहीं सोच रही है। बीसीसीआई के सूत्रों ने बताया कि हम चाहते हैं कि उपकप्तान ऐसा खिलाड़ी हो जो सभी टेस्ट मैच खेले।

शुभमन गिल बन सकते हैं उप कप्तान!

दरअसल, उपकप्तान के लिए तीन दावेदार दिखाई दे रहे हैं, जिसमें पहले नंबर पर शुभमन गिल का नाम है। शुभमन गिल लंबे समय से भारतीय टीम का हिस्सा हैं, ऐसे में बीसीसीआई उन्हें उपकप्तान बना सकती है। दरअसल, वनडे में शुभमन गिल पहले उपकप्तान रह चुके हैं और इस दौरान उन्होंने शानदार बल्लेबाजी भी की थी। ऐसे में उन्हें कप्तान भी बनाया जा सकता है।

ऋषभ पंत को भी माना जा रहा दावेदार

वहीं दूसरा नाम ऋषभ पंत का है। ऋषभ पंत का टेस्ट में बेहद शानदार रिकॉर्ड है। हालांकि इस समय वह अपनी लय खोज रहे हैं, लेकिन लखनऊ सुपरजायंट्स की कप्तानी कर रहे हैं। हालांकि आईपीएल में उनकी कप्तानी दमदार नहीं रही है, ऐसे में उनका चयन करना मुश्किल दिखाई दे रहा है।

केएल राहुल भी इस लिस्ट में शामिल

वहीं तीसरे नंबर पर केएल राहुल को बड़ा दावेदार माना जा रहा है। इस समय केएल राहुल का बल्ला जमकर बोल रहा है। दिल्ली कैपिटल्स की ओर से खेलते हुए वे शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। हालांकि इंटरनेशनल में उन्होंने कई शानदार पारियां खेली हैं, लेकिन कप्तानी में उनका अनुभव ज्यादा खास नहीं रहा है। फिर भी वे कई मैचों में भारत की कप्तानी कर चुके हैं, ऐसे में उपकप्तान के तौर पर केएल राहुल को भी चुना जा सकता है।

मध्य प्रदेश से जुड़ी विश्वसनीय और ताज़ा खबरें MP Breaking News in Hindi यहां आपको मिलती है MP News के साथ साथ लगातार अपडेट, राजनीति, अपराध, मौसम और स्थानीय घटनाओं की सटीक जानकारी। भरोसेमंद खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और अपडेटेड रहें !
Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews