Hindi News

“शुभमन गिल एक ओवररेटेड क्रिकेटर हैं, मेरी बात किसी ने नहीं सुनी” बोले पूर्व भारतीय कप्तान कृष्णमाचारी श्रीकांत

Written by:Rishabh Namdev
Published:
शुभमन गिल ने 2022 के बाद से विदेशी सरजमीं पर एक भी बार 40 रन से ज्यादा का आंकड़ा नहीं छुआ है, जिसके चलते उनके प्रदर्शन पर अब बड़े सवाल खड़े हो रहे हैं। इसे लेकर भारत के पूर्व क्रिकेटर कृष्णमाचारी श्रीकांत ने उन्हें ओवररेटेड क्रिकेटर बताया है।
“शुभमन गिल एक ओवररेटेड क्रिकेटर हैं, मेरी बात किसी ने नहीं सुनी” बोले पूर्व भारतीय कप्तान कृष्णमाचारी श्रीकांत

शुभमन गिल लंबे समय से अपनी खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं। बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी की सीरीज में शुभमन गिल का बल्ला एकदम शांत नजर आया। उन्होंने इस ट्रॉफी में पांच पारियों में केवल 93 रन बनाए। इस निराशाजनक प्रदर्शन के चलते शुभमन गिल पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। अब भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान कृष्णमाचारी श्रीकांत ने शुभमन गिल को लेकर एक बड़ा बयान दिया है।

दरअसल, पूर्व भारतीय कप्तान कृष्णमाचारी श्रीकांत ने शुभमन गिल को खराब प्रदर्शन के चलते ओवररेटेड क्रिकेटर बताया है। शुभमन गिल ने 2021 के बाद विदेशी धरती पर 18 पारियों में मात्र 17.64 की औसत से रन बनाए हैं। इस प्रदर्शन के चलते उन पर लगातार गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

जानिए क्या बोले पूर्व कप्तान श्रीकांत?

पूर्व कप्तान श्रीकांत ने अपने यूट्यूब चैनल के माध्यम से शुभमन गिल को लेकर बड़ा बयान दिया। श्रीकांत ने कहा, “मेरा हमेशा से यही कहना रहा है कि शुभमन गिल एक ओवररेटेड क्रिकेटर हैं, लेकिन मेरी बात किसी ने नहीं सुनी। शुभमन गिल वाकई में बहुत ज्यादा ओवररेटेड क्रिकेटर हैं।” वहीं, इस दौरान श्रीकांत ने भारतीय चयन समिति पर भी गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि जब शुभमन गिल इतने लंबे समय से खराब प्रदर्शन कर रहे हैं, तो उन्हें टीम में क्यों चुना जा रहा है? उन्हें लगातार खेलने के इतने मौके क्यों दिए जा रहे हैं?

सूर्यकुमार यादव को उनसे ज्यादा मौके दिए जा सकते थे: श्रीकांत

आगे बोलते हुए श्रीकांत ने कहा कि शुभमन गिल काफी समय से असफल हो रहे हैं, लेकिन फिर भी उन्हें मौके दिए जा रहे हैं। जब शुभमन गिल को इतना समर्थन मिल रहा है, तो सूर्यकुमार यादव को उनसे ज्यादा मौके दिए जा सकते थे। इसके साथ ही पूर्व कप्तान श्रीकांत ने ऋतुराज गायकवाड़ और साई सुदर्शन को शुभमन गिल से ज्यादा मौके देने की सलाह मैनेजमेंट को दी है। बता दें कि शुभमन गिल ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2020 में शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया और भारत की टेस्ट सीरीज में छह पारियों में 51 की औसत से 259 रन बनाए थे।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews