9 सितंबर से एशिया कप 2025 शुरू हो रहा है, ऐसे में जल्द ही टीम का ऐलान किया जा सकता है। टीम सिलेक्शन से पहले शुभमन को लेकर बड़ा सवाल उठ रहा है। इंग्लैंड के साथ खेली गई टेस्ट सीरीज में शुभमन का बल्ला जमकर बोला। उन्होंने कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए और पांच मैचों की सीरीज में 754 रन बना दिए। ऐसे में सवाल है कि क्या उन्हें एशिया कप की टीम में शामिल किया जाएगा?
लेकिन फिलहाल शुभमन गिल के लिए जगह बनती नजर नहीं आ रही है। पिछले 1 साल से भारतीय टेस्ट कप्तान शुभमन गिल ने कोई भी टी20 इंटरनेशनल मुकाबला नहीं खेला है। हालांकि वह वनडे और टेस्ट टीम का हिस्सा रहे हैं, जबकि आईपीएल में भी गुजरात टाइटंस की कप्तानी करते हुए उन्होंने टी20 मुकाबले खेले और इस दौरान शानदार प्रदर्शन किया।
आईपीएल 2025 में कैसा रहा था प्रदर्शन?
आईपीएल 2025 के आंकड़ों पर नजर डाली जाए तो शुभमन गिल ने कुल 15 मैचों में 650 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 6 अर्धशतक निकले और उन्होंने 155 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की। इसके बावजूद शुभमन की जगह टी20 टीम में बनती हुई नहीं दिख रही है। इस समय शुभमन के लिए तीन खिलाड़ी चुनौती बन रहे हैं संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा और यशस्वी जायसवाल।
इन तीन खिलाड़ियों से है टक्कर
इन तीनों खिलाड़ियों के टी20 प्रदर्शन पर नजर डाली जाए तो अभिषेक शर्मा ने कुल 17 मैचों में 535 रन बनाए हैं। उन्होंने दो अर्धशतक और दो शतक लगाए हैं और 193.84 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की है। यशस्वी जायसवाल ने 23 मैचों में 723 रन बनाए हैं, जिनमें एक शतक और पांच अर्धशतक शामिल हैं। उनकी स्ट्राइक रेट 164.31 रही है। वहीं, संजू सैमसन ने 42 मैचों में 861 रन बनाए हैं, जिनमें तीन शतक और दो अर्धशतक शामिल हैं, और उनकी स्ट्राइक रेट 152.38 रही है।
शुभमन गिल का टी20 इंटरनेशनल में प्रदर्शन
अब सवाल है कि क्या इन तीनों खिलाड़ियों में से किसी एक को बाहर कर शुभमन गिल को चुना जाएगा? शुभमन गिल के टी20 करियर पर नजर डाली जाए तो उन्होंने कुल 21 टी20 मुकाबले खेले हैं, जिनमें 578 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने एक शतक और तीन अर्धशतक लगाए हैं, जबकि उनकी स्ट्राइक रेट 139.27 रही है। आंकड़ों में शुभमन गिल पीछे नहीं हैं, लेकिन पिछले 1 साल से उन्होंने इंटरनेशनल टी20 मुकाबला नहीं खेला है। अब देखना होगा कि एशिया कप 2025 के लिए क्या शुभमन गिल को टीम में जगह मिलती है।






