भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच टेस्ट सीरीज बेहद रोमांचक रही है। हालांकि भारतीय टीम को पहले मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा जबकि दूसरा मुकाबला गुवाहाटी के मैदान पर खेला जा रहा है। इस सीरीज के बाद भारत के लिए कई महत्वपूर्ण सीरीज रहने वाली हैं। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच T20 और वनडे सीरीज भी खेली जाएगी। वहीं इन दोनों सीरीज के लिए अब दक्षिण अफ्रीका की टीम ने अपने स्क्वाड का ऐलान कर दिया है। बता दें कि पिछले साल T20 वर्ल्ड कप 2024 के फाइनल मुकाबले में भारत और दक्षिण अफ्रीका की टीम आमने-सामने थी। इस मुकाबले में एनरिक नॉर्टजे भी खेले थे लेकिन इसके बाद से ही वह T20 टीम से बाहर चल रहे हैं।
लेकिन अब नॉर्टजे की T20 टीम में वापसी हो गई है। वहीं ODI टीम की कप्तानी टेम्बा बावुमा को दी गई है। बता दें कि टेस्ट सीरीज में भी दक्षिण अफ्रीका की कप्तानी टेम्बा बावुमा ही कर रहे हैं। बावुमा ने कप्तानी में शानदार प्रदर्शन किया है। हालांकि T20 टीम के कप्तान एडेन मार्करम ही रहेंगे।
ये भी पढ़ें
T20 टीम में इन खिलाड़ियों की वापसी
वहीं T20 टीम के स्क्वाड पर नजर डाली जाए तो बता दें कि एक बड़े खिलाड़ी की स्क्वाड में वापसी हुई है। संन्यास के बाद लौट रहे क्विंटन डी कॉक भी भारत के खिलाफ होने वाली T20 सीरीज में नजर आएंगे। उन्हें रायन रिकेलटन की जगह चुना गया है। हाल ही में क्विंटन डी कॉक ने पाकिस्तान के खिलाफ खेली गई ODI सीरीज में भी शानदार शतक जड़ा था। वहीं T20 टीम में डेविड मिलर, टोनी डी जोरजी, डेवाल्ड ब्रेविस, रीजा हेंड्रिक्स, मार्को जानसेन, कॉर्बिन बॉश जैसे बड़े खिलाड़ी नजर आ रहे हैं। साथ ही जॉर्ज लिंडे भी टीम में दिखाई दे रहे हैं। बता दें कि भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच T20 सीरीज की शुरुआत 9 दिसंबर से होगी, जिसका पहला मुकाबला कटक के बाराबती स्टेडियम में खेला जाएगा। जबकि दूसरा मुकाबला 11 दिसंबर, तीसरा मुकाबला 14 दिसंबर, चौथा मुकाबला 17 दिसंबर और पांचवां तथा अंतिम मुकाबला 19 दिसंबर को खेला जाएगा।
ODI टीम पर नजर डालें
वहीं ODI टीम पर नजर डालें तो टीम अब भी दक्षिण अफ्रीका की शानदार नजर आ रही है। वनडे टीम में कप्तान टेम्बा बावुमा के साथ एडेन मार्करम, रायन रिकेलटन, क्विंटन डी कॉक, टोनी डी जोरजी, केशव महाराज जैसे खिलाड़ी नजर आ रहे हैं। साथ ही ओटनील बार्टमैन, रुबिन हरमन, मार्को जानसेन भी टीम में शामिल हैं। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच 30 नवंबर से वनडे सीरीज की शुरुआत होगी, जिसका पहला मुकाबला रांची में खेला जाएगा। जबकि दोनों टीमें 3 दिसंबर को दूसरे वनडे में रायपुर में आमने-सामने होंगी। सीरीज का अंतिम और तीसरा मुकाबला 6 दिसंबर को विशाखापट्टनम में खेला जाएगा। हालांकि भारतीय टीम की ओर से अब तक अपने स्क्वाड का ऐलान नहीं किया गया है।
दक्षिण अफ्रीका का ODI स्क्वाड:
टेम्बा बावुमा (कप्तान), ओटनील बार्टमैन, कॉर्बिन बॉश, मैथ्यू ब्रीत्ज्के, डेवाल्ड ब्रेविस, नांद्रे बर्गर, क्विंटन डी कॉक, टोनी डी जोरजी, रुबिन हरमन, केशव महाराज, मार्को जानसेन, एडेन मार्करम, रायन रिकेलटन, प्रेनेलन सुब्रायन
दक्षिण अफ्रीका का T20 स्क्वाड:
एडेन मार्करम (कप्तान), ओटनील बार्टमैन, कॉर्बिन बॉश, डेवाल्ड ब्रेविस, क्विंटन डी कॉक, टोनी डी जोरजी, डोनोवन फरेरा, रीजा हेंड्रिक्स, मार्को जानसेन, जॉर्ज लिंडे, क्वेना मफाका, डेविड मिलर, लुंगी एनगिडी, एनरिक नॉर्टजे, ट्रिस्टन स्टब्स