Hindi News

T20 विश्व कप 2026 सुपर-8 में भारत का पूरा शेड्यूल क्या है? जानिए कब और कहां दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे से होगी टक्कर!

Written by:Rishabh Namdev
Published:
T20 विश्व कप 2026 के सुपर-8 चरण का कार्यक्रम लगभग तय हो गया है। भारतीय टीम इस राउंड में दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज जैसी मजबूत टीमों से भिड़ेगी। देखिए भारत के सभी मैचों की तारीखें, समय और स्थान की पूरी जानकारी।
T20 विश्व कप 2026 सुपर-8 में भारत का पूरा शेड्यूल क्या है? जानिए कब और कहां दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे से होगी टक्कर!

टी20 विश्व कप 2026 अब अपने सबसे रोमांचक दौर में प्रवेश कर रहा है। लीग स्टेज के मुकाबले खत्म होने के साथ ही सुपर-8 की तस्वीर भी साफ हो गई है। भारतीय टीम ने ग्रुप स्टेज में शानदार प्रदर्शन करते हुए अगले चरण में अपनी जगह पक्की कर ली है। अब भारत का सामना तीन बड़ी टीमों से होगा।

मंगलवार, 17 फरवरी तक टूर्नामेंट की आठ में से सात टीमों ने सुपर-8 के लिए क्वालीफाई कर लिया है। इनमें भारत के अलावा इंग्लैंड, वेस्टइंडीज, दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका, न्यूजीलैंड और जिम्बाब्वे शामिल हैं। आठवीं टीम का फैसला पाकिस्तान और यूएसए के बीच होने वाले मुकाबले के बाद होगा। हालांकि, टीम इंडिया का एक लीग मैच अभी बाकी है, जो बुधवार, 18 फरवरी को अहमदाबाद में खेला जाएगा।

सुपर-8 में भारत का कार्यक्रम

लीग स्टेज का आखिरी मैच खेलने के बाद भारतीय टीम सुपर-8 के लिए कमर कसेगी। इस महत्वपूर्ण चरण में टीम इंडिया अपने अभियान की शुरुआत 22 फरवरी से करेगी। भारत के सभी मुकाबले देश के अलग-अलग प्रतिष्ठित स्टेडियमों में खेले जाएंगे।

  • पहला मैच: 22 फरवरी – भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका (नरेंद्र मोदी स्टेडियम, अहमदाबाद)
  • दूसरा मैच: 26 फरवरी – भारत बनाम जिम्बाब्वे (एमए चिदंबरम स्टेडियम, चेन्नई)
  • तीसरा मैच: 1 मार्च – भारत बनाम वेस्टइंडीज (ईडन गार्डन्स, कोलकाता)

सेमीफाइनल और फाइनल का समीकरण

सुपर-8 चरण के समापन के बाद 4 मार्च से नॉकआउट मुकाबले शुरू होंगे। पहला सेमीफाइनल 4 मार्च को खेला जाएगा, जबकि दूसरा सेमीफाइनल 5 मार्च को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में होगा। पहले सेमीफाइनल के वेन्यू को लेकर एक शर्त है। अगर पाकिस्तान की टीम सेमीफाइनल में पहुंचती है तो उसका मैच श्रीलंका में आयोजित किया जाएगा।

टूर्नामेंट का खिताबी मुकाबला 8 मार्च को खेला जाना है। फाइनल के वेन्यू पर भी पाकिस्तान की टीम का प्रदर्शन असर डालेगा। यदि पाकिस्तान फाइनल में पहुंचता है तो फाइनल मैच भी श्रीलंका में ही होगा। अगर पाकिस्तान फाइनल में नहीं पहुंचता है, तो 2026 टी20 विश्व कप का ग्रैंड फिनाले अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews