Hindi News

आज भारत और इंग्लैंड के बीच खेला जाएगा T20 मुकाबला, यहां जानिए भारतीय टीम की पॉसिबल प्लेइंग-11

Written by:Rishabh Namdev
Published:
आज भारत और इंग्लैंड के बीच पांच T20 मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला कोलकाता के ईडन गार्डन स्टेडियम में खेला जाएगा। टॉस 6:30 बजे होगा, जबकि खेल 7:00 बजे शुरू होगा। यहां जानिए भारतीय टीम की संभावित प्लेइंग 11।
आज भारत और इंग्लैंड के बीच खेला जाएगा T20 मुकाबला, यहां जानिए भारतीय टीम की पॉसिबल प्लेइंग-11

भारत और इंग्लैंड के बीच आज T20 मुकाबला खेला जाएगा। भारत के कप्तान सूर्यकुमार यादव युवाओं की टीम के साथ जोस बटलर की अनुभवी टीम से टक्कर लेंगे। यह मुकाबला कोलकाता के ईडन गार्डन स्टेडियम में होगा। इस ग्राउंड पर दोनों टीमों ने आखिरी बार 2011 में मुकाबला खेला था। हालांकि, उस दौरान इंग्लैंड ने भारतीय टीम को 6 विकेट से हराया था। आज भारत जीत के साथ इस हार को भुलाना चाहेगा।

इंग्लैंड के खिलाफ भारत का अच्छा रिकॉर्ड रहा है। T20 में भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ 54% मुकाबले जीते हैं, जबकि इंग्लैंड ने 46% मुकाबलों में जीत दर्ज की है। भारत ने 2017 के बाद इंग्लैंड को लगातार चार बार T20 सीरीज में हराया है।

लंबे समय बाद मोहम्मद शमी की वापसी

दरअसल, लंबे समय बाद भारतीय टीम में तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी की वापसी हो रही है। शमी ने 2023 वर्ल्ड कप में आखिरी बार भारत की ओर से मुकाबला खेला था। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ फाइनल मुकाबले में शमी ने शानदार प्रदर्शन किया था। इसके बाद चोटिल होने के चलते वह टीम से बाहर हो गए थे। शमी ने 2024 का T20 वर्ल्ड कप भी नहीं खेला था। वहीं, अब एक साल बाद मोहम्मद शमी की टीम में वापसी हो रही है। चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के आयोजन से पहले मोहम्मद शमी के लिए इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली यह T20 सीरीज बेहद महत्वपूर्ण है। दरअसल, मोहम्मद शमी का नाम चैंपियंस ट्रॉफी के स्क्वाड में रखा गया है। ऐसे में इंग्लैंड के खिलाफ शमी अच्छा प्रदर्शन कर अपनी वापसी का संदेश दे सकते हैं।

आज के मैच के लिए दोनों टीमें

भारत की पॉसिबल प्लेइंग-11 इस प्रकार हो सकती है: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अक्षर पटेल (उपकप्तान), संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, हार्दिक पंड्या, नीतीश कुमार रेड्डी, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह और मोहम्मद शमी।

इंग्लैंड की प्लेइंग-11 इस प्रकार है: जोस बटलर (कप्तान), बेन डकेट, फिल साल्ट (विकेट कीपर), हैरी ब्रूक, लियम लिविंगस्टन, जैकब बेथेल, जैमी ओवरटन, गस एटकिंसन, जोफ्रा आर्चर, आदिल राशिद और मार्क वुड।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews