विराट कोहली इस समय रणजी ट्रॉफी के प्रैक्टिस सेशन में दिल्ली की टीम की ओर से अभ्यास कर रहे हैं। वह 30 जनवरी से होने वाले मुकाबले में दिल्ली की टीम से खेलते हुए दिखाई देंगे। वहीं, प्रैक्टिस सेशन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। दरअसल, अभ्यास के दौरान विराट कोहली की एक नन्हे फैन से मुलाकात लोगों को बेहद पसंद आ रही है।

मंगलवार को विराट कोहली ने दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में रणजी टीम के साथ अभ्यास किया। इसी दौरान एक नन्हे फैन ने विराट कोहली से पूछा कि अगर उसे इंडियन क्रिकेटर बनना है तो उसे क्या करना होगा। इसके बाद विराट कोहली ने बेहद शानदार जवाब दिया।

जानिए क्या बोले विराट कोहली?

दरअसल, विराट कोहली का यह नन्हा फैन कोई और नहीं बल्कि उनके बचपन के दोस्त का बेटा है। जब दोस्त के बेटे ने पूछा कि उसे इंडियन क्रिकेटर बनने के लिए क्या करना होगा, तो विराट कोहली ने कहा, “बहुत हार्ड वर्क करना पड़ेगा। आपको प्रैक्टिस सेशन के लिए अपने पापा से कहना चाहिए। आपको खुद सुबह उठकर प्रैक्टिस के लिए पहुंचना होगा, खुद ट्रेनिंग करनी होगी। अगर कोई एक घंटा प्रैक्टिस करता है तो आप दो घंटे प्रैक्टिस करो। बस यही एक तरीका है।”

जानिए आगे क्या कहा?

वहीं, विराट कोहली ने इस नन्हे फैन से आगे बोलते हुए कहा, “अगर कोई खिलाड़ी 50 रन बनाता है तो आप उससे ज्यादा बनाओ, आप 100 बनाओ। और अगर कोई 100 रन बनाता है तो आप डबल सेंचुरी बनाओ। जो बेंचमार्क है, उसे डबल करते रहो और अपने लेवल को बढ़ाते रहो। ठीक है? अगर कभी कोई आपको प्रैक्टिस करने के लिए बोलने की जरूरत पड़े, तो यह सही नहीं है। आपको हमेशा यही कहना चाहिए कि मुझे प्रैक्टिस करनी है। और जब हम कहें कि आपको एक दिन आराम करना चाहिए, तभी आराम करना। ठीक है? मेहनत करते रहो और अपने गेम को हमेशा एंजॉय करते रहो।”