Hindi News

CM देवेंद्र फडणवीस ने किया वानखेड़े स्टेडियम में रवि शास्त्री स्टैंड का उद्घाटन, कहा – ‘यह इतिहास में एक अहम पल’

Written by:Rishabh Namdev
Published:
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में आज पूर्व क्रिकेटरों के सम्मान में एक खास समारोह आयोजित किया गया। जिसमें मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रवि शास्त्री स्टैंड और दिलीप सरदेसाई, डायना एडुलजी, एकनाथ सोलकर के नाम पर गेट का अनावरण किया।
CM देवेंद्र फडणवीस ने किया वानखेड़े स्टेडियम में रवि शास्त्री स्टैंड का उद्घाटन, कहा – ‘यह इतिहास में एक अहम पल’

मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में पूर्व क्रिकेटरों को सम्मान देने के लिए एक खास समारोह आयोजित किया गया। दरअसल इस दौरान महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रवि शास्त्री स्टैंड और दिलीप सरदेसाई, डायना एडुलजी तथा एकनाथ सोलकर के नाम पर बने गेट का उद्घाटन किया। वहीं इस कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री आशीष शेलार भी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

दरअसल कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि वह आखिर में बोल रहे हैं, लेकिन जल्दी आउट होने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि आज भारतीय क्रिकेट के उन दिग्गज खिलाड़ियों को सम्मान दिया जा रहा है जिनकी उपलब्धियां हमेशा याद रखी जाएंगी और यह गर्व की बात है कि यह समारोह वानखेड़े स्टेडियम में हो रहा है।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सुनील गावस्कर की तारीफ की

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कई दिग्गज खिलाड़ियों का जिक्र किया। उन्होंने सुनील गावस्कर की तारीफ करते हुए कहा कि वह अपने दौर के सबसे बेहतरीन बल्लेबाजों में से एक थे और बिना हेलमेट के उनकी तकनीक शानदार थी। इसके साथ ही उन्होंने दिलीप वेंगसरकर की बल्लेबाजी की भी सराहना की और कहा कि वह किसी भी परिस्थिति में अच्छा खेलने की क्षमता रखते थे।

पूर्व भारतीय खिलाड़ी एकनाथ सोलकर को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने उन्हें बेहतरीन फील्डरों में से एक बताया। वहीं दिलीप सरदेसाई के योगदान का भी जिक्र किया और कहा कि भारतीय क्रिकेट के विकास में उनका बड़ा योगदान रहा है। महिला क्रिकेट की दिग्गज खिलाड़ी डायना एडुलजी के बारे में उन्होंने कहा कि उनके प्रयासों से महिला क्रिकेट को नई पहचान मिली।

जानिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने क्या कहा?

पूर्व भारतीय कप्तान और कोच रवि शास्त्री की तारीफ करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने खिलाड़ी, कोच और कमेंटेटर के रूप में भारतीय क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। उनके नाम पर स्टैंड का उद्घाटन वानखेड़े स्टेडियम के इतिहास में एक अहम पल है। मुख्यमंत्री ने मौजूदा दौर के खिलाड़ियों का भी जिक्र किया और सूर्यकुमार यादव को 360 डिग्री खिलाड़ी बताते हुए उनकी बल्लेबाजी और शानदार कैच की तारीफ की। उन्होंने कहा कि ऐसे खिलाड़ियों को खेलते देखना क्रिकेट प्रेमियों के लिए किसी पर्व से कम नहीं होता।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने मुंबई में क्रिकेट के भविष्य को लेकर भी बात की। उन्होंने कहा कि शहर के मैदानों को बचाने और उनके संरक्षण के लिए सरकार कदम उठाएगी। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि मुंबई में एक बड़े और आधुनिक स्टेडियम के निर्माण की योजना बनाई जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि वानखेड़े स्टेडियम अपनी ऐतिहासिक और आइकोनिक पहचान बनाए रखेगा।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews