इस समय भारतीय टीम एशिया कप 2025 का टूर्नामेंट खेल रही है, लेकिन इसके बाद टीम को कई बड़ी सीरीज खेलनी हैं। अगले महीने भारतीय टीम वेस्टइंडीज के साथ दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेलेगी। इसी कड़ी में वेस्टइंडीज ने भारत के खिलाफ होने वाली सीरीज के लिए अपनी 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। वेस्टइंडीज ने कप्तान के तौर पर रोस्टन चेज को चुना है, जबकि उपकप्तान की जिम्मेदारी वारिकन को सौंपी गई है।

इस टीम में कई चौंकाने वाले निर्णय लिए गए हैं। दरअसल, टीम में पूर्व कप्तान क्रैग ब्रेथवेट को मौका नहीं दिया गया है, हालांकि तगेनारायण चंद्रपॉल और एलिक अथानाजे को टीम में जगह मिली है। अब देखना होगा कि क्या यह टीम भारतीय दौरे पर अच्छा प्रदर्शन कर पाती है।

कब से कब तक खेली जाएगी यह सीरीज?

बता दें कि वेस्टइंडीज के साथ भारतीय टीम को दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेलनी है। यह सीरीज 6 अक्टूबर से शुरू होगी। पहला मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा, जबकि दूसरा मुकाबला 14 अक्टूबर से दिल्ली के मैदान पर खेला जाएगा। वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाली यह टेस्ट सीरीज टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 के चक्र के लिए भी महत्वपूर्ण है। हालांकि टेस्ट सीरीज के साथ ही वेस्टइंडीज नए सर्कल की शुरुआत करेगी, जबकि भारत पहले इस सर्कल में मुकाबले खेल चुका है। भारतीय टीम वेस्टइंडीज के खिलाफ जीतकर टेस्ट चैंपियनशिप के नए सर्कल में आगे बढ़ने की कोशिश करेगी, जबकि वेस्टइंडीज जीत के साथ नए सर्कल की शुरुआत करना चाहेगी।

इन खिलाड़ियों को मौका मिला

वेस्टइंडीज की टीम में इस बार अनुभव दिखाई दे रहा है। टीम ने 33 वर्षीय ऑलराउंडर खारी पियरे को पहली बार टेस्ट टीम में मौका दिया है। ब्रेथवेट ने बीते साल मार्च में अपनी कप्तानी पद से इस्तीफा दिया था। हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली गई तीन टेस्ट मैचों की सीरीज में ब्रेथवेट का प्रदर्शन खराब रहा था, जिसके चलते उन्हें टीम से बाहर करने का निर्णय लिया गया। हालांकि अब टीम में एंडरसन, अथानाजे और चंद्रपॉल जैसे खिलाड़ी मौजूद हैं।

भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए वेस्टइंडीज की टीम इस प्रकार है

रोस्टन चेज (कप्तान), जोमेल वारिकन (उपकप्तान), केवलोन एंडरसन, एलिक अथानाजे, जॉन कैंपबेल, तगेनारायण चंद्रपॉल, जस्टिन ग्रिव्स, शाई होप (विकेटकीपर), तेविन इमलाच, अल्जारी जोसेफ, शमार जोसेफ, ब्रैंडन किंग, एंडरसन फिलिप, खारी पियरे, जेडन सील्स।

डेरेन सैमी (मुख्य कोच), फ्लॉयड रिएफर (बल्लेबाजी कोच), रवि रामपॉल (गेंदबाजी कोच), रेयन ग्रिफिथ (फील्डिंग कोच)।