MP Breaking News

सावन के दूसरे सोमवार पर महाकाल मंदिर में लगा भक्तों का तांता, शाम 4 बजे नगर भ्रमण पर निकलेंगे राजाधिराज

उज्जैन में सावन के दूसरे सोमवार को भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। महाकाल मंदिर में तड़के 2:30 बजे से भक्तों की कतार लगी हुई है। आज शाम 4 बजे सावन की दूसरी सवारी निकलेगी।
Mahakal

आज सावन का दूसरा सोमवार है और उज्जैन में एक बार फिर आस्था की भीड़ उमड़ पड़ी है। रविवार से ही कांवड़ यात्रियों सहित अन्य श्रद्धालुओं के उज्जैन पहुंचने का सिलसिला शुरू हो चुका था। महाकाल मंदिर में दर्शन करने के लिए श्रद्धालुओं की कतार देखने को मिल रही है।

वैसे तो भस्म आरती सुबह 4 बजे की जाती है लेकिन सावन में मंदिर के कपाट तड़के 2.30 बजे ही खोल दिए जाते हैं। आज भी ऐसा ही किया गया। भस्म आरती के समय से ही दर्शन का सिलसिला लगातार जारी है, जो रात 10 बजे होने वाली शयन आरती तक चलेगा।

महाकाल में आस्था का सैलाब

तड़के 2.30 बजे हुई भस्म आरती में श्रद्धालुओं की काफी भीड़ देखने को मिली। इसी के बाद से लगातार भक्त मंदिर पहुंच रहे हैं और लाइन में लगकर बाबा महाकाल के दर्शन कर रहे हैं। आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधाओं सुरक्षा को देखते हुए मंदिर परिसर और पूरे शहर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

किया गया पंचामृत अभिषेक

सुबह मंदिर के कपाट खुलने के बाद सभा मंडप में वीरभद्र जी के कान में स्वस्तिवाचन कर आज्ञा लेते हुए चांदी के पट खोले गए और कर्पूर आरती हुई। नंदी जी का स्नान पूजन किया गया। इसके पश्चात बाबा महाकाल का जल से अभिषेक कर दूध, दही, घी, शक्कर, शहद और फलों के पंचामृत रस से पूजन किया गया।

बाबा का रजत मुकुट श्रृंगार

अभिषेक पूजन के बाद भगवान महाकाल का भांग, चंदन और ड्राई फ्रूट से श्रृंगार कर रजत चंद्र, त्रिशूल, शेषनाग का रजत मुकुट, मुंडमाल और रुद्राक्ष की माला के साथ सुगंधित पुष्पों की माला पहनाई गई। इसी के साथ फल और मिष्ठान का भोग लगाया गया।

आज निकलेगी सवारी

सावन और भादो के हर सोमवार को बाबा महाकाल अपने भक्तों का हाल-चाल जाने के लिए नगर भ्रमण पर निकलते हैं। आज भी शाम 4 बजे मंदिर के सभा मंडप में पूजन अर्चन के पश्चात महाकाल की सवारी मंदिर से प्रारंभ होगी। जो अपने पारंपरिक मार्ग कोट मोहल्ला, गुदरी चौराहा, बक्षी बाजार, कहारवाड़ी होते हुए रामघाट पहुंचेगी। यहां पूजा के बाद रामानुज कोट, ढ़ाबा रोड, टंकी चौराहा, छत्री चौक, गोपाल मंदिर, पटनी बाजार, गुदरी चौराहा, महाकाल चौराहा होते हुए वापस मंदिर पहुंचेगी।

Diksha Bhanupriy
लेखक के बारे में
"पत्रकारिता का मुख्य काम है, लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को संदर्भ के साथ इस तरह रखना कि हम उसका इस्तेमाल मनुष्य की स्थिति सुधारने में कर सकें।” इसी उद्देश्य के साथ मैं पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रही हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। मैं कॉपी राइटिंग, वेब कॉन्टेंट राइटिंग करना जानती हूं। मेरे पसंदीदा विषय दैनिक अपडेट, मनोरंजन और जीवनशैली समेत अन्य विषयों से संबंधित है। View all posts by Diksha Bhanupriy
Follow Us :GoogleNews
सावन के दूसरे सोमवार पर महाकाल मंदिर में लगा भक्तों का तांता, शाम 4 बजे नगर भ्रमण पर निकलेंगे राजाधिराज