MP Breaking News
Google पर फॉलो करें

सर्वपितृ अमावस्या पर उज्जैन के घाटों पर उमड़ी भीड़, त्रिवेणी से सिद्धवट तक स्नान-तर्पण जारी

सर्वपितृ अमावस्या पर उज्जैन में स्नान, दान और तर्पण के लिए लोगों की भीड़ देखने को मिल रही है। त्रिवेणी स्थित शनि मंदिर में दर्शन के लिए रात से ही भीड़ लगने लगी थी। सिद्धवट और केडी गेट पर भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे हैं।
Sarvapitru Amavasya

सर्वपितृ अमावस्या पर उज्जैन में शिप्रा घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ नजर आ रही है। आज शनिवार होने से शनिश्चरी अमावस्या का शुभ संयोग भी बन रहा है। ऐसे में इंदौर रोड स्थित त्रिवेणी घाट पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा है। सुबह से ही स्नान-दान और तर्पण का दौर जारी है।

त्रिवेणी स्थित शनि मंदिर पर जहां तेल चढ़ाने के लिए भक्त लाइन में लगे हैं। वहीं दूसरी तरफ सिद्धवट और केडी गेट पर भी श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिल रही है। लोग यहां सुबह 5 बजे से अपने पितरों के निमित्त श्राद्ध और तर्पण कर रहे हैं।

शनि मंदिर में लगी कतार

त्रिवेणी स्थित शनि मंदिर में दर्शन करने के लिए रात 12 बजे से ही श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला शुरू हो चुका था। यहां पर स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के लिए चाकचौबंद इंतजाम किए गए हैं। नदी में फव्वारे लगाए गए हैं और श्रद्धालु इन्हीं के नीचे बैठकर स्नान कर सकते हैं। किसी को भी नदी में डुबकी लगाने की अनुमति नहीं दी गई है। भक्त शनिदेव को फूल, प्रसाद, तेल और काली उड़द अर्पित कर रहे हैं।

 Sarvapitru Amavasya

चप्पल जूते छोड़ने की मान्यता

शनिश्चरी अमावस्या पर त्रिवेणी स्थित शनि मंदिर में जो भी श्रद्धालु दर्शन करने के लिए आते हैं। वो यहां पर अपने कपड़े और चप्पल जूते छोड़कर जाते हैं। मान्यता के मुताबिक जो व्यक्ति ऐसा करता है। उसके जीवन के दुखों का अंत होता है और मन्नत भी पूरी होती है। स्नान के बाद घाटों पर बड़ी संख्या में जूते चप्पल और कपड़े इकट्ठे हो जाते हैं। भगवान को बड़ी मात्रा में तेल भी अर्पित किया जाता है। इस तेल को बाद में नीलाम किया जाता है। जिससे मिलने वाली राशि मंदिर से जुड़ी अलग-अलग चीजों में इस्तेमाल की जाती है। वहीं कपड़े और जूते चप्पल रीसाइकल किए जाते हैं।

 Sarvapitru Amavasya

सिद्धवट और केडी पैलेस पर भी भीड़

त्रिवेणी घाट के अलावा सिद्धवट और केडी पैलेस पर भी श्रद्धालुओं की काफी भीड़ पड़ रही है। केडी पैलेस स्थित शिप्रा घाट पर भूत प्रेत बाधा और नकारात्मक शक्तियों से मुक्ति मिलने की मान्यता के चलते कईं श्रद्धालु स्नान के लिए पहुंचे हैं। वहीं सिद्धवट पर भी श्रद्धालु पितरों के निमित्त तर्पण और पिंडदान कर रहे हैं। गजछाया योग में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पितरों के लिए पूजन करवा रहे हैं। भीड़ को देखते हुए मंगलनाथ से भैरवगढ़ और भैरवगढ़ से सिद्धवट जाने वाले मार्ग पर चार पहिया वाहनों की एंट्री बंद कर दी गई है।

Diksha Bhanupriy
लेखक के बारे में
"पत्रकारिता का मुख्य काम है, लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को संदर्भ के साथ इस तरह रखना कि हम उसका इस्तेमाल मनुष्य की स्थिति सुधारने में कर सकें।” इसी उद्देश्य के साथ मैं पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रही हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। मैं कॉपी राइटिंग, वेब कॉन्टेंट राइटिंग करना जानती हूं। मेरे पसंदीदा विषय दैनिक अपडेट, मनोरंजन और जीवनशैली समेत अन्य विषयों से संबंधित है। View all posts by Diksha Bhanupriy →
Follow Us :GoogleNews
सर्वपितृ अमावस्या पर उज्जैन के घाटों पर उमड़ी भीड़, त्रिवेणी से सिद्धवट तक स्नान-तर्पण जारी