उज्जैन। सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के बीच मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन में अपना पैतृक निवास और जन्मस्थान जनहित के लिए समर्पित कर दिया है। शहर में चल रहे विकास और निर्माण कार्यों को प्राथमिकता देते हुए मुख्यमंत्री ने यह निर्णय लिया है।
सिंहस्थ 2028 को लेकर उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण और शहर को संवारने के काम किए जा रहे हैं। इन कामों के लिए शहर के कई लोग भी स्वेच्छा से अपने पुश्तैनी मकानों को हटाकर प्रशासन का सहयोग कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शहरवासियों के इस सहयोग की सराहना की। उन्होंने कहा, “सिंहस्थ 2028 की तैयारियों और उज्जैन के सौंदर्यीकरण के लिए शहरवासी स्वेच्छा से अपने पुश्तैनी मकानों को हटाकर सड़क चौड़ीकरण में प्रशासन का सहयोग कर रहे हैं। उनका यह त्याग और योगदान अभिनंदनीय है।”
अब मुख्यमंत्री ने भी अपने पैतृक निवास और जन्मस्थान को जनहित के लिए समर्पित कर इसी कड़ी में अपना योगदान दिया है।






