उज्जैन रेलवे स्टेशन पर जीआरपी और आरपीएफ की कार्रवाई देखने को मिली। यहां संयुक्त टीम ने यात्रियों का सामान चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से चोरी किया गया सामान भी बरामद किया गया है।

जीआरपी और आरपीएफ को यात्रियों का सामान चुराने वाले इन आरोपियों तलाश थी। इन्हें गिरफ्तार कर इनके पास से चोरी किए गए इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, आभूषण और नगदी बरामद की गई है। इनसे अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ भी की जा रही है।

पुलिस खंगाल रही आपराधिक रिकॉर्ड

पुलिस ने चोरी के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें से एक आरोपी इंदौर और दूसरा शाजापुर का रहने वाला है। शाजापुर के रहने वाले तेजकरण को जब पकड़ा गया तो उसके पास से सैमसंग का मोबाइल बरामद हुआ। इसकी कीमत 17 हजार रुपए बताई जा रही है। वहीं इंदौर के रहने वाले राजेंद्र उर्फ राजा के पास से 14000 रुपए कीमत का मंगलसूत्र, एक बैग और 7 हजार रुपए नगद बरामद किए गए। इन दोनों के पुराने आपराधिक रिकार्ड भी खंगाले जा रहे हैं। इन्हें आज कोर्ट में पेश किया जाएगा।

यात्री ने की थी शिकायत

पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक रमेश जायसवाल में 1 अक्टूबर को प्लेटफॉर्म नंबर 1 के प्रतीक्षालय से मोबाइल चोरी होने की शिकायत दर्ज करवाई थी। सैमसंग के इस मोबाइल की कीमत 17000 रुपए बताई गई थी। यह मोबाइल आरोपी ने भीड़ का फायदा उठाकर पार कर दिया था। वहीं इसी दिन पार्सल बुकिंग विंडो के पास से एक महिला का बैग भी चोरी हुआ था। इसमें मंगलसूत्र और 7 हजार रुपए नगद रखा हुआ था।

आरोपियों तक कैसे पहुंची पुलिस

इन दोनों घटनाओं के संबंध में GRP थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी थी। स्टेशन पर मिले साक्ष्यों और तकनीकी जांच के आधार पर संदिग्धों की पहचान निकाली गई। इसके बाद इन्हें गिरफ्तार कर इनके कब्जे से चोरी किया सामान बरामद किया गया।