MP Breaking News
Google पर फॉलो करें

सिंहस्थ 2028 के लिए सड़क चौड़ीकरण, शाही मस्जिद का हिस्सा खुद हटा रहा समुदाय; शहर काजी ने कहा- अफवाहों पर ध्यान न दें

उज्जैन के छत्री चौक स्थित शाही मस्जिद का हिस्सा समुदाय की ओर से खुद हटाया जा रहा, कलेक्टर रोशन सिंह ने कहा- सिंहस्थ के लिए सड़क चौड़ीकरण में सभी धर्म-समुदाय कर रहे सहयोग; शहर काजी बोले- मामला आपसी सहमति से सुलझ चुका है
सिंहस्थ 2028 के लिए सड़क चौड़ीकरण, शाही मस्जिद का हिस्सा खुद हटा रहा समुदाय; शहर काजी ने कहा- अफवाहों पर ध्यान न दें

उज्जैन। सिंहस्थ 2028 के लिए उज्जैन में चल रहे सड़क चौड़ीकरण के बीच छत्री चौक स्थित शाही मस्जिद का एक हिस्सा समुदाय की ओर से खुद हटाया जा रहा है। कलेक्टर रोशन सिंह ने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि सिंहस्थ के लिए चल रहे कामों में सभी धर्म और समुदाय के लोग अपनी ओर से सहयोग कर रहे हैं। वहीं शहर काजी खली कुर्रे रहमान ने कहा कि मस्जिद से जुड़ा मामला आपसी सहमति से सुलझ चुका है और लोगों को किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान देने की जरूरत नहीं है।

सड़क चौड़ीकरण के बीच आ रहा शाही मस्जिद का हिस्सा

सिंहस्थ 2028 में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के उज्जैन पहुंचने को देखते हुए शहर में निर्माण कार्य किए जा रहे हैं। मास्टर प्लान के अनुसार कई मार्गों को चौड़ा किया जा रहा है। इसी दौरान रास्ते में आने वाले मकानों और धर्मस्थलों के हिस्सों को भी संबंधित लोग खुद हटा रहे हैं।

कलेक्टर रोशन सिंह ने बताया कि इसी क्रम में छत्री चौक स्थित शाही मस्जिद का हिस्सा भी समुदाय की ओर से स्वतः हटाया जा रहा है। उन्होंने कहा, “अच्छी बात यह है कि सभी धर्म-समुदाय के लोग स्वतः इसमें अपना योगदान दे रहे हैं। उनके मकान, धर्मस्थल जो भी बीच में आ रहे हैं, उन्हें वे स्वतः हटा रहे हैं। इसी क्रम में छत्री चौक पर आज शाही मस्जिद का हिस्सा समुदाय द्वारा स्वतः हटाया जा रहा है।” कलेक्टर ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और शहर में शांति बनाए रखने की अपील भी की।

शहर काजी बोले- आपसी सहमति से सुलझ चुका है मामला

उज्जैन शहर काजी खली कुर्रे रहमान ने भी लोगों से शाही मस्जिद को लेकर किसी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मस्जिद से जुड़ा मामला रात में ही आपसी सहमति से सुलझ गया था। ऐसी कोई स्थिति नहीं है जिसके कारण लोगों को मौके पर जाने की जरूरत हो। जिस काम को पूरा करने का संकल्प लिया गया है, उसे पूरा किया जा रहा है। शहर काजी ने लोगों से अफवाह के कारण घरों से निकलकर अनावश्यक रूप से मौके पर नहीं पहुंचने की अपील भी की है।

सिंहस्थ के कामों में सहयोग कर रहे शहरवासी

उज्जैन में सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के लिए सड़क चौड़ीकरण सहित दूसरे निर्माण कार्य चल रहे हैं। प्रशासन के मुताबिक इन कामों के रास्ते में आ रहे अपने मकानों और धर्मस्थलों के हिस्सों को हटाने में अलग-अलग धर्म और समुदाय के लोग स्वेच्छा से सहयोग कर रहे हैं।

Pooja Khodani
लेखक के बारे में
खबर वह होती है जिसे कोई दबाना चाहता है। बाकी सब विज्ञापन है। मकसद तय करना दम की बात है। मायने यह रखता है कि हम क्या छापते हैं और क्या नहीं छापते। (पत्रकारिता में 12 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ हर खबर पर पैनी नजर) View all posts by Pooja Khodani →
Follow Us :GoogleNews
सिंहस्थ 2028 के लिए सड़क चौड़ीकरण, शाही मस्जिद का हिस्सा खुद हटा रहा समुदाय; शहर काजी ने कहा- अफवाहों पर ध्यान न दें - MP Breaking News