उज्जैन के माधव नगर थाना क्षेत्र में आईटीसी सिगरेट के गोदाम में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। दरअसल गोदाम का ताला तोड़कर यहां से 25 से 26 पेटी सिगरेट चोरी कर ली गई थी। इस मामले में पुलिस ने राजस्थान और मुंबई से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
उज्जैन पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने इस बारे में खुलासा करते हुए बताया कि आरोपियों के पास से सिगरेट, नगदी और कार समेत कुल 31.35 लाख रुपए का सामान बरामद किया गया है। दरअसल यह मामला 6 और 7 जून का है जब इस चोरी को अंजाम दिया गया था।
चोरी की गाड़ी से हुई वारदात
बता दें कि दशहरा मैदान क्षेत्र में नेहरू पार्क के पास माहेश्वरी मार्केटिंग का आईटीसी सिगरेट गोदाम मौजूद है। यहां पर 6 और 7 जून की रात बदमाश गोदाम का ताला तोड़कर अंदर घुसे और अलग-अलग ब्रांड की 25 से 26 पेटी सिगरेट लेकर फरार हो गए। जब पुलिस ने जांच की तो यह सामने आया कि इस चोरी में जिस XUV 500 का इस्तेमाल हुआ है वह नागझिरी और XUV 300 मंदसौर के दलौदा से चोरी की गई है। इन्हीं गाड़ियों का इस्तेमाल कर आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया।
CCTV फुटेज से मिला सुराग
चोरी की सूचना लगने के बाद माधव नगर पुलिस ने गोदाम और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किए। इसमें संदिग्ध वाहनों की लोकेशन के आधार पर पुलिस ने मध्य प्रदेश के अलावा राजस्थान के भीलवाड़ा और चित्तौड़गढ़ में भी जांच की। धीरे-धीरे जांच की ये कड़ी महाराष्ट्र तक पहुंची। 12 अगस्त को पुलिस को आरोपियों का सुराग मिला जिसके बाद दबिश देकर दोनों को गिरफ्तार किया गया।
🚨 उज्जैन पुलिस की बड़ी कार्रवाई
माधवनगर थाना पुलिस ने सिगरेट गोदाम चोरी का पर्दाफाश कर 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
🔹 ₹15 लाख की चोरी की ITC सिगरेट
🔹 ₹1.35 लाख नकद
🔹 ₹15 लाख की कार बरामद
🔹 वारदात में चोरी की XUV-500 और XUV-300 का इस्तेमाल
कुल ₹31.35 लाख pic.twitter.com/y5L0GVXrM9— SP UJJAIN (@sp_ujjain) August 20, 2026
31.35 लाख का समान जब्त
पुलिस ने रामपाल उर्फ रामा चौधरी निवासी पाली राजस्थान और रेहान उर्फ राजा ठाकुर निवासी मुंबई को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से पुलिस ने 1.35 लाख रुपए नगद 15 लाख रुपए की सिगरेट और 15 लाख रुपए की सोनाटा कार बरामद की है। इस तरह से कुल 31.35 लाख का समान जब्त किया गया है।
जारी है पुलिस की जांच
इन दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस की जांच अभी भी जारी है। पूछताछ में आरोपियों ने यह बताया है कि चोरी की सिगरेट उन्होंने अलग अलग जगह पर बेच दी थी। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह माल किन लोगों ने खरीदा था। इस गिरोह में शामिल अन्य आरोपियों और पूरे नेटवर्क की तलाश की जा रही है।






