उत्तर प्रदेश में इन दिनों तेज गर्मी और उमस के बीच बिजली कटौती बड़ी समस्या बनी हुई है। दरअसल कई जिलों में लंबे समय तक बिजली बंद रहने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी मुद्दे को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक गीत लिखकर बीजेपी सरकार पर तंज कसा।
दरअसल अखिलेश यादव ने अपने पोस्ट में लिखा कि भाजपा राज में बिजली खुद गर्मियों की छुट्टी पर चली गई है। उन्होंने गीत के जरिए कहा कि न बिजली जल रही है और न पंखे चल रहे हैं। साथ ही लोगों को गर्मी और पानी की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उनका यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बिजली कटौती बनी बड़ी परेशानी
जानकारी दे दें कि उत्तर प्रदेश के कई जिलों से लगातार बिजली कटौती की शिकायतें सामने आ रही हैं। नोएडा, कानपुर, पीलीभीत और कई अन्य शहरों में लोग लंबे समय तक बिजली न आने से परेशान हैं। गर्मी के मौसम में बिजली कटौती की वजह से घरों में पंखे और कूलर बंद पड़े हैं, जिससे लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
दरअसल कई जगहों पर लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन भी किया है। पीलीभीत में तो कुछ इलाकों में 15-15 घंटे तक बिजली कटौती की बात सामने आई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बार-बार बिजली जाने से पानी की सप्लाई भी प्रभावित हो रही है। वहीं व्यापार और छोटे कारोबार पर भी असर पड़ रहा है।
भाजपा राज में ‘गर्मी की छुट्टी’ गीत!
न बिजली जले, न पंखा चले
गर्मी में जनता दिन-रात जले
पानी के नाम पर पसीना बहे
यूपी की जनता अब किस से कहे
न बिजली जले, न पंखा चले
गर्मी में जनता दिन-रात जले
बातों से सपना सबको दिखे
लेकिन हक़ीक़त में दुख ही मिले
न बिजली जले, न पंखा चले
गर्मी में… pic.twitter.com/Rq48FyzrHb— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) June 9, 2026
अखिलेश यादव ने साधा निशाना
अखिलेश यादव ने अपने पोस्ट में गीत के जरिए कहा कि जनता गर्मी में दिन-रात परेशान हो रही है। उन्होंने लिखा कि सब-स्टेशन पर पीएसी का पहरा लगाया जा रहा है और लोग अपनी शिकायतें लेकर भटक रहे हैं। उनके इस पोस्ट को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता लगातार शेयर कर रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बिजली व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। सरकार की ओर से कहा गया है कि जहां भी तकनीकी समस्या या सप्लाई में दिक्कत है, उसे जल्द दूर किया जाए। अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने और लोगों को बेहतर बिजली आपूर्ति देने के निर्देश दिए गए हैं।






