Hindi News

अवसानेश्वर मंदिर हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों को देगी 5-5 लाख रुपये देगी योगी सरकार

Written by:Saurabh Singh
Published:
हादसा सोमवार तड़के उस वक्त हुआ जब भारी संख्या में श्रद्धालु मंदिर में जलाभिषेक के लिए पहुंचे थे। सुबह करीब तीन बजे मंदिर परिसर में बिजली का एक तार गिर गया।
अवसानेश्वर मंदिर हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों को देगी 5-5 लाख रुपये देगी योगी सरकार

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी ज़िले से सावन के तीसरे सोमवार पर एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। हैदरगढ़ थाना क्षेत्र के श्री अवसानेश्वर महादेव मंदिर में करंट की चपेट में आने से दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 30 से अधिक लोग घायल हो गए। इनमें से पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है।

हादसा सोमवार तड़के उस वक्त हुआ जब भारी संख्या में श्रद्धालु मंदिर में जलाभिषेक के लिए पहुंचे थे। सुबह करीब तीन बजे मंदिर परिसर में बिजली का एक तार गिर गया। बताया गया कि यह तार बंदरों द्वारा तोड़ा गया था। करंट फैलने से भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और कई श्रद्धालु उसकी चपेट में आ गए।

कैसे हुआ हादसा?

पुलिस और स्थानीय प्रशासन के मुताबिक, सावन के तीसरे सोमवार को मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी थी। इसी दौरान बंदरों की वजह से एक बिजली का तार टूटकर जमीन पर गिर गया। तार में करंट दौड़ रहा था, जिससे आसपास मौजूद लोग उसकी चपेट में आ गए।

घटना में एक श्रद्धालु की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घायलों को फौरन हैदरगढ़ और त्रिवेदीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर ले जाया गया। पांच गंभीर रूप से घायलों को ज़िला अस्पताल रेफर किया गया है।

सीएम योगी ने जताया शोक

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर श्रद्धांजलि देते हुए मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है। साथ ही प्रशासन को घायलों के बेहतर इलाज और राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।

सीएम योगी ने कहा,

“देवाधिदेव महादेव से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को सद्गति तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।”

मौतें भगदड़ से नहीं, करंट से हुईं

उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने इस हादसे पर बयान जारी करते हुए कहा कि लोगों की मौत भगदड़ से नहीं, बल्कि बिजली के झटके से हुई है। DGP के मुताबिक, बंदरों द्वारा तार तोड़े जाने के बाद यह घटना हुई। क्षेत्रीय व मंडलीय अधिकारी घटनास्थल का निरीक्षण कर चुके हैं। फिलहाल पूरे इलाके में एहतियात के तौर पर बिजली आपूर्ति रोकी गई है और मंदिर परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्य जारी हैं।