Hindi News

पंचायत चुनाव की तैयारी में जुटी कांग्रेस, 13 जिलों के नेताओं संग अविनाश पांडेय और अजय राय ने की रणनीतिक बैठक

Written by:Saurabh Singh
Published:
कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत अलीगढ़ के मैरिस रोड स्थित एक स्थल पर ब्रज प्रांत स्तरीय सम्मेलन और समीक्षा बैठक आयोजित हुई।
पंचायत चुनाव की तैयारी में जुटी कांग्रेस, 13 जिलों के नेताओं संग अविनाश पांडेय और अजय राय ने की रणनीतिक बैठक

उत्तर प्रदेश में लंबे समय से सत्ता की मुख्य लड़ाई से बाहर चल रही कांग्रेस पार्टी अब संगठन सृजन कार्यक्रम के जरिए नई जमीन तलाशने में जुट गई है। गुरुवार को अलीगढ़ पहुंचे कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव व यूपी प्रभारी अविनाश पांडेय ने साफ कहा कि पार्टी पंचायत और निकाय चुनाव अपने बलबूते लड़ेगी और 2027 विधानसभा चुनाव में 400 सीटों के लक्ष्य के साथ उतरेगी।

अलीगढ़ में हुआ ब्रज प्रांत सम्मेलन

कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत अलीगढ़ के मैरिस रोड स्थित एक स्थल पर ब्रज प्रांत स्तरीय सम्मेलन और समीक्षा बैठक आयोजित हुई। इसमें ब्रज प्रांत के 13 जिलों, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, आगरा, एटा, कासगंज, मैनपुरी, फिरोजाबाद, बदायूं, पीलीभीत, बरेली, फर्रुखाबाद और शाहजहांपुर से जिला, महानगर, ब्लॉक, बूथ और वार्ड स्तर के पदाधिकारी शामिल हुए। राष्ट्रीय महासचिव अविनाश पांडेय के साथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और राष्ट्रीय सचिव तौकरी आलम भी मौजूद रहे। नेताओं ने पांच संकल्पों के जरिए संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने का आह्वान किया।

पंचायत से शुरुआत

अविनाश पांडेय ने कहा कि संगठन सृजन कार्यक्रम से कांग्रेस एक मजबूत स्तंभ के रूप में खड़ी होगी। पंचायत चुनाव से लेकर विधानसभा तक कांग्रेस अपनी ताकत दिखाएगी। उन्होंने कहा कि गठबंधन की संभावनाएं उस समय की परिस्थितियों पर निर्भर होंगी, लेकिन कांग्रेस अपनी रणनीति तैयार कर चुकी है।

उन्होंने कहा, “कांग्रेस झूठे वादों और जनता को गुमराह करने वाली भाजपा सरकार के खिलाफ हर मोर्चे पर आंदोलन करेगी। जनता अब बदलाव चाहती है और इसका असर आगामी चुनावों में दिखेगा।”

भाजपा पर तीखा हमला

भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए पांडेय ने कहा, “भाजपा संगठन के नाम पर खोखली हो चुकी है। यूपी में न प्रांतीय अध्यक्ष तय हो रहा है, न राष्ट्रीय स्तर पर नेतृत्व स्पष्ट है। पूरी पार्टी बस दो चेहरों नरेंद्र मोदी और अमित शाह पर टिक गई है।”

‘मजबूत विकल्प’ बनने की जरूरत

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने बिहार सरकार और वहां के डीजीपी के उस बयान की निंदा की जिसमें किसानों को अपराध बढ़ने का कारण बताया गया। उन्होंने इसे ‘किसानों का अपमान’ बताया और कहा कि बिहार सरकार पूरी तरह फेल हो गई है।वहीं पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद ने कहा कि कांग्रेस यदि अपने पुराने नेताओं और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को मान-सम्मान दे तो संगठन स्वाभाविक रूप से मजबूत हो जाएगा।