राजधानी दिल्ली (Delhi) में हवा की गुणवत्ता ने बेहद खतरनाक स्तर छू लिया है। पूरा शहर ने धुएं की मोटी चादर ओढ़े हुए है। लोगों को आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी का सामना करना पद रहा है। वहीं उत्तरप्रदेश के कई जिलों में भी खराब प्रदूषण का असर देखा जा रहा है। हवा ऐसी हो गई है जैसे किसी ने उसमें जहर छोड़ दिया हो। इस बीच, यूपी सरकार ने वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए बड़ा निर्णय लिया है। सरकार ने नोएडा (Noida) और गाजियाबाद (Ghaziabad) में डीजल ऑटोरिक्शा पर बैन लगा दिया है।

बता दें कि सरकार ने NCR से जुड़े जिलों में बढ़ते वायु प्रदूषण को ध्यान में रखते हुए एक व्यापक कार्य योजना तैयार की है। इस योजना में मुख्य रूप से सड़क विकास, धूल दमन उपायों को मजबूत करने और बड़े स्तर पर सफाई अभियानों पर जोर दिया जाएगा। सरकार का दावा है कि चरणबद्ध बैन और सफाई अभियानों के साथ आने वाले महीनों में प्रदूषण स्तर में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा।

नोएडा-गाजियाबाद की हवा खराब

दिल्ली से सटे शहरों में शामिल नोएडा और गाजियाबाद में स्थिति ज्यादा खतरनाक है। यहां बीते कई दिनों से AQI 400 पार है। इसके अलावा पश्चिमी यूपी के कई और शहरों की हवा बिगड़ी हुई है। नोएडा में शनिवार सुबह AQI 394 रिकॉर्ड हुआ जोकि बेहद खतरनाक है। इसके ऊपर स्मॉग ने और प्रभाव बढ़ाया है। वहीं गाजियाबाद में आज सुबह 422 AQI दर्ज हुआ है।