उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में ‘आई लव मोहम्मद’ के पोस्टर और बैनर ने माहौल को गरमा दिया है। बिना अनुमति के जुलूस निकालने के मामले में सीतापुर और वाराणसी में पुलिस ने केस दर्ज किया है। बरेली में इस मुद्दे पर बड़ा बवाल हुआ, जिसमें मौलाना तौकीर रजा समेत कई लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
इस बीच, बाराबंकी में भी ‘आई लव मोहम्मद’ लिखे बैनर को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। बाराबंकी के फैजुल्लागंज गांव में बैनर गिराने की घटना ने दोनों पक्षों के बीच तनाव पैदा कर दिया। पुलिस ने गांव में भारी संख्या में फोर्स तैनात कर दी है। बैनर गिराने की यह घटना मस्जिद के सीसीटीवी में रिकॉर्ड भी हो गई है।
ये भी पढ़ें
फैजुल्लागंज में बैनर गिराने की घटना
पुलिस सूत्रों के अनुसार, कल रात जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के फैजुल्लागंज गांव में ‘आई लव मोहम्मद’ लिखा बैनर अचानक चर्चा का विषय बन गया। स्थानीय चौकीदार धन्नी ने डंडे से रस्सी तोड़कर बैनर नीचे गिरा दिया। इस पर मुस्लिम समुदाय के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और अपनी नाराजगी जताई। वहीं दूसरी ओर, विरोधी पक्ष भी वहां जमा होने लगा, जिससे गांव का माहौल तनावपूर्ण हो गया।
पुलिस का हस्तक्षेप के बाद स्थिति नियंत्रण में
इस बीच, धन्नी के घर पर कुछ युवकों ने तोड़फोड़ की। सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी मौके पर पहुंचे, और कई थानों की फोर्स गांव में तैनात की गई। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने दोनों पक्षों से कुछ लोगों को हिरासत में लिया। देर रात, पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय भी गांव में पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
गांव में पीएसी की तैनाती कर दी गई है और इसे छावनी में तब्दील कर दिया गया है। पुलिस लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है। पुलिस ने घटनाक्रम को पास की मस्जिद में लगे सीसीटीवी कैमरे से रिकॉर्ड किया है, जिसमें धन्नी डंडे से बैनर गिराते हुए नजर आ रहे हैं। पुलिस ने इस वीडियो को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।