Hindi News

राहुल गांधी आज दो दिवसीय दौरे पर पहुंचेंगे रायबरेली, बूथ अध्यक्षों से करेंगे सीधा संवाद, जानें पूरा कार्यक्रम

Written by:Saurabh Singh
Published:
पहले दिन का कार्यक्रम: राहुल गांधी सुबह 10:55 बजे डिडौली के पास बटोही रिजार्ट में हरचंदपुर विधानसभा क्षेत्र के बूथ अध्यक्षों, न्याय पंचायत अध्यक्षों और ब्लॉक अध्यक्षों सहित सभी पदाधिकारियों से मुलाकात करेंगे।
राहुल गांधी आज दो दिवसीय दौरे पर पहुंचेंगे रायबरेली, बूथ अध्यक्षों से करेंगे सीधा संवाद, जानें पूरा कार्यक्रम

नेता प्रतिपक्ष और सांसद राहुल गांधी आज को अपने लोकसभा क्षेत्र रायबरेली के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचेंगे। लोकसभा चुनाव के बाद उनकी यह पहली ग्रामीण यात्रा होगी, जिसमें वे गांवों में लोगों से मुलाकात करेंगे और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा करेंगे। इसके अलावा, वे सामाजिक संगठनों से बातचीत और विकास योजनाओं की समीक्षा भी करेंगे। सुबह 8:45 बजे लखनऊ से सड़क मार्ग द्वारा रायबरेली के लिए रवाना होंगे।

पहले दिन का कार्यक्रम: राहुल गांधी सुबह 10:55 बजे डिडौली के पास बटोही रिजार्ट में हरचंदपुर विधानसभा क्षेत्र के बूथ अध्यक्षों, न्याय पंचायत अध्यक्षों और ब्लॉक अध्यक्षों सहित सभी पदाधिकारियों से मुलाकात करेंगे। दोपहर 12 बजे होटल शांति ग्रांड में प्रजापति समाज के साथ बैठक करेंगे, जहां वे उनकी समस्याओं पर चर्चा करेंगे। इसके बाद, दोपहर 1:15 बजे गोरा बाजार चौराहे पर सम्राट अशोक स्तंभ का लोकार्पण करेंगे और फिर मुलिहामऊ गांव में अमर शहीद बीरा पासी पार्क में पौधरोपण करेंगे। शाम 4 बजे ऊंचाहार में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक के बाद वे एनटीपीसी गेस्ट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे।

विकास योजनाओं की समीक्षा

दूसरे दिन का कार्यक्रम: गुरुवार सुबह 9:30 बजे से 11 बजे तक राहुल गांधी जनप्रतिनिधियों, आम लोगों और संगठनों से मुलाकात करेंगे। दोपहर 12 बजे वे दिशा की बैठक में हिस्सा लेंगे, जहां विकास योजनाओं की समीक्षा की जाएगी। इसके बाद दोपहर 2 बजे फुर्सतगंज एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

स्थानीय मुद्दों पर चर्चा और विकास

जिलाध्यक्ष पंकज तिवारी ने बताया कि राहुल गांधी का यह दौरा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं और जनता के बीच उत्साह बढ़ाएगा। यह दौरा न केवल पार्टी संगठन को मजबूत करने में मदद करेगा, बल्कि स्थानीय मुद्दों पर चर्चा और विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के लिए भी महत्वपूर्ण होगा।