Hindi News

ओम प्रकाश राजभर को ब्रेन स्ट्रोक; मेदांता में भर्ती, डिप्टी सीएम बृजेश पाठक लेकर पहुंचे अस्पताल

Written by:Saurabh Singh
Published:
Last Updated:
डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने अस्पताल पहुंचकर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और उचित इलाज के लिए हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।
ओम प्रकाश राजभर को ब्रेन स्ट्रोक; मेदांता में भर्ती, डिप्टी सीएम बृजेश पाठक लेकर पहुंचे अस्पताल

उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री और सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर की रविवार को अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्हें लखनऊ के गोमती नगर स्थित मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डिप्टी सीएम बृजेश पाठक स्वयं उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों के अनुसार, मंत्री को माइनर ब्रेन स्ट्रोक हुआ है और उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर है।

मेदांता अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि ओपी राजभर को रविवार शाम 4 बजे चक्कर आने और बोलने में तकलीफ के बाद इमरजेंसी में लाया गया। प्रारंभिक जांच में माइनर ब्रेन स्ट्रोक की पुष्टि हुई। उनके स्वास्थ्य को देखते हुए सिटी स्कैन और खून की जांच की गई। वर्तमान में न्यूरोलॉजी विशेषज्ञ डॉ. अनूप ठक्कर की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है।

10वें फ्लोर के प्राइवेट वार्ड में भर्ती

मंत्री राजभर को अस्पताल के 10वें फ्लोर के प्राइवेट वार्ड में भर्ती किया गया है। मेदांता के मेडिकल डायरेक्टर डॉ. राकेश कपूर ने बताया कि उनकी हालत में सुधार हो रहा है और विशेषज्ञ डॉक्टरों का एक पैनल उनकी निगरानी कर रहा है। राजभर को पहले से डायबिटीज की समस्या भी है, जिसे ध्यान में रखकर इलाज किया जा रहा है।

ओपी राजभर की अब कैसी है तबीयत

अस्पताल प्रशासन ने बताया कि ओपी राजभर की स्थिति स्थिर है, लेकिन उनकी सेहत पर लगातार नजर रखी जा रही है। डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने अस्पताल पहुंचकर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और उचित इलाज के लिए हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।