Hindi News

BJP ने तय कर लिया UP चुनाव 2027 के लिए टिकट का नया फॉर्मूला! प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने बताया किस आधार पर होगा फैसला?

Written by:Rishabh Namdev
Published:
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर बीजेपी ने संगठन और इंटरनल सर्वे को सबसे अहम बताया है। दरअसल वाराणसी पहुंचे बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने साफ संकेत दिए कि टिकट वितरण में कार्यकर्ताओं की राय और संगठन की रिपोर्ट बड़ी भूमिका निभाएगी।

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियां अब धीरे-धीरे तेज होने लगी हैं। वहीं इसी बीच बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का वाराणसी दौरा राजनीतिक तौर पर काफी अहम माना जा रहा है। दरअसल उन्होंने वाराणसी पहुंचकर कार्यकर्ताओं से मुलाकात की है और पार्टी संगठन को लेकर बड़ा बयान दिया है। पंकज चौधरी ने कहा है कि चुनाव संगठन लड़ता है और सरकार बनने के बाद भी संगठन ही तय करता है कि किसकी क्या भूमिका होगी।

दरअसल वाराणसी दौरे के दौरान पंकज चौधरी काशी विश्वनाथ मंदिर भी पहुंचे। यहां दर्शन पूजन के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने साफ किया कि विधानसभा चुनाव में टिकट वितरण बिना संगठन की सहमति के नहीं होगा। बता दें कि उनके बयान को बीजेपी की अंदरूनी रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।

UP चुनाव 2027 में संगठन की भूमिका रहेगी सबसे अहम

वहीं बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी पूरी तरह संगठन आधारित पार्टी है। उन्होंने बताया कि पार्टी कार्यकर्ताओं की राय और इंटरनल सर्वे के आधार पर उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा। यानी चुनाव में सिर्फ बड़े चेहरे ही नहीं, बल्कि जमीनी पकड़ और संगठन में सक्रियता भी टिकट तय करने में अहम होगी। उन्होंने यह भी कहा कि संगठन लगातार अलग-अलग क्षेत्रों से फीडबैक लेता है और उसी के आधार पर चुनावी रणनीति तैयार की जाती है। पार्टी यह भी देखेगी कि कौन नेता अपने क्षेत्र में कितना सक्रिय है और जनता के बीच उसकी क्या स्थिति है। बीजेपी आने वाले समय में बूथ स्तर तक संगठन को और मजबूत करने पर फोकस कर रही है।

राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर भी साधा निशाना

वहीं मीडिया से बातचीत के दौरान पंकज चौधरी ने विपक्ष पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि 2024 के चुनाव में विपक्ष ने नैरेटिव बनाकर लोगों को प्रभावित करने की कोशिश की थी, लेकिन बाद के चुनावों में जनता ने बीजेपी पर भरोसा जताया। उन्होंने हरियाणा, दिल्ली, बंगाल और बिहार का जिक्र करते हुए कहा कि पार्टी लगातार मजबूती के साथ आगे बढ़ रही है। इसके साथ ही पंकज चौधरी ने राहुल गांधी और अखिलेश यादव की जोड़ी पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल लोगों को भ्रमित करने की कोशिश करते हैं, लेकिन जनता अब सच्चाई समझ चुकी है। बीजेपी संगठन के दम पर चुनाव लड़ती है और उसी ताकत से जीत भी हासिल करती है।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews