उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार, 17 अप्रैल 2026 को सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों की समीक्षा करने से पहले शिकायतों की जमीनी स्तर पर पड़ताल करने का निर्णय लिया और वह सीधे जाखन पहुंच गए। इस दौरान उन्होंंने कार्य में लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
बता दें कि देहरादून के जाखन निवासी विवेक मदान ने राजपुर आपरोड पर विद्युत लाइन अंडरग्राउंड किए जाने के कारण फुटपाथ को हुए नुकसान की के बारे में सीएम हेल्पलाइन पर अवगत कराया और शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने अपनी शिकायत में उल्लेख किया कि जाखन में पहले सड़क किनारे फुटपाथ बनाया गया, बाद में यूपीसीएल ने इस फुटपाथ को खोदकर, अंडरग्राउंड लाइन बिछा डाली, लेकिन इस दौरान मिट्टी का भरान ठीक से नहीं किया गया। इस कारण फुटपाथ की टाइल्स बैठ गई हैं। इससे फुटपाथ पैदल चलने वालों के लिए इस्तेमाल करने लायक नहीं रहा।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दिखाई फुटपाथ की हालत
विवेक मदान की शिकायत के बाद मुख्यमंत्री धामी खुद शिकायतकर्ता के पास पहुंचे। उन्होंने तुरंत ही अपने मोबाइल फोन से वीडियो कॉल के जरिए अधिकारियों को फुटपाथ की हालत दिखाई। चिंता जाहिर करते हुए, उन्होंने विभाग को समन्वय से काम करने का निर्देश दिया। इतना ही नहीं मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव आनंद बर्धन को निर्देश दिया कि वे यह पक्का करें कि पूरे राज्य में ऐसी शिकायतों को एक खास अभियान के जरिए दूर किया जाए। दौरे के दौरान, मुख्यमंत्री ने लोकल दुकानदारों और लोगों से भी बातचीत की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिकारी योजना के साथ काम करें, वरना बार-बार कार्य होने से एक ओर नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है, वहीं धन की भी बर्बादी होती है। सीएम ने कहा कि वे प्रदेश भर के आगामी दौरों पर इसी तरह नियमित निरीक्षण करेंगे।
जन-जन की सरकार
जन-जन के द्वारजाखन, मसूरी रोड, देहरादून में श्री विवेक मदान जी से मिलकर उनकी समस्या को प्रत्यक्ष सुनना केवल निरीक्षण नहीं बल्कि जनविश्वास का संचार है। यह संदेश है कि सरकार दूर नहीं, हर दरवाज़े पर खड़ी है। pic.twitter.com/tMsic0dG0E
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) April 17, 2026





