देहरादून। जल सृष्टि पार्क के लोकार्पण से लौट रहे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का काफिला शुक्रवार को अचानक रास्ते में रुक गया। वजह कोई तय कार्यक्रम नहीं था। सड़क किनारे मुख्यमंत्री को देखने के लिए बच्चों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुटी थी। लोगों का उत्साह देखकर धामी ने काफिला रुकवाया और गाड़ी से उतरकर सीधे उनके बीच पहुंच गए।
मुख्यमंत्री को सामने देखकर बच्चों का उत्साह और बढ़ गया। कोई उनके साथ तस्वीर खिंचवाना चाहता था तो कोई सेल्फी लेना चाहता था। धामी भी वहां कुछ देर रुके और बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों के साथ तस्वीरें खिंचवाईं।

बच्चों से पूछा हालचाल, लोगों की भी सुनी बात
इस दौरान धामी ने बच्चों से बातचीत की और उनका हालचाल जाना। वहां मौजूद कुछ स्थानीय लोगों ने भी उनसे अपनी बातें साझा कीं, जिन्हें मुख्यमंत्री ने सुना।

यह पूरा घटनाक्रम मियांवाला में जल सृष्टि पार्क के लोकार्पण कार्यक्रम से लौटते समय हुआ। धामी ने कहा कि जनता से मिलना और उनके बीच रहना उनके लिए हमेशा सुखद अनुभव रहता है। प्रदेश के लोगों का स्नेह और आशीर्वाद उन्हें जनसेवा के लिए प्रेरित करता है।







