उत्तराखंड के टिहरी में भीषण सड़क हादसा हुआ है। जहां कुंजापुरी के पास यात्रियों से भरी एक बस खाई में गिर गई। इस हादसे में 5 लोगों की मौत और कई लोग घायल हो गए हैं। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस प्रशासन और एंबुलेंस पहुंच गई। जिसके बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। इस हासदे पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुख जताया है।

बस में 18 लोग थे सवार

गुजरात और दिल्ली से आए तीर्थयात्रियों से भरी एक प्राइवेट बस कुंजापुरी मंदिर से दर्शन करके लौटते समय ऋषिकेश-गंगोत्री हाइवे पर कुंजापुरी-हिंडोलाखाल के पास अनियंत्रित होकर करीब 70 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। बस में करीब 18 यात्री सवार थे। 5 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई।

मुख्यमंत्री ने हादसे पर जताया दुख

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस भीषण हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि टिहरी के नरेंद्रनगर कुंजापुरी मंदिर के समीप हुई बस दुर्घटना का समाचार अत्यंत दुःखद है, ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगतों को श्रीचरणों में स्थान और शोकाकुल परिजनों को यह असीम दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। हादसे में घायलों को जिला प्रशासन और SDRF द्वारा नजदीकी अस्पताल भेजा जा रहा है, साथ ही गंभीर रूप से घायलों को AIIMS ऋषिकेश रेफर किया गया है। इस सम्बन्ध में निरंतर स्थानीय अधिकारियों से संपर्क में हूँ। ईश्वर से घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूँ।