300 साल से चल रहा है दुनिया का सबसे पुराना डाकघर, जानिए विश्व के अनोखे पोस्ट ऑफिस के बारे में

क्या आप जानते हैं कि मंगोलिया में डाकघरों की संख्या कम होने के कारण वहां डाकिए पैदल, घोड़े या ऊँट की सवारी करके सुदूर इलाकों में डाक पहुंचाते हैं। यह दुनिया की सबसे कठिन डाक सेवा में से एक मानी जाती है। वहीं, नामीबिया में वाल्केन पोस्ट ऑफिस 600 साल पुराने बाओबाब वृक्ष के अंदर स्थित था और 1990 तक चालू स्थिति में था। भूटान में एक सोलर पोस्ट ऑफिस है, जो पर्यावरण अनुकूल डाक सेवाओं के लिए एक मिसाल है।
Unique post offices

AI generated

Unique post offices in the world : आज हमारे पास संचार के कई माध्यम हैं..मोबाइल फोन, ईमेल, सोशल मीडिया, वीडियो कॉल, वाट्सअप आदि। इनके ज़रिए हम तेज गति और आसानी से किसी से भी संपर्क कर सकते हैं। बावजूद इसके, इनमें वो मिठास और आत्मीयता नहीं हो जो हाथ से लिखी चिट्ठी में होती है।

चिट्ठी सिर्फ हाथ से लिखा एक संदेश भर नहीं है, बल्कि एक अहसास है। जब हम किसी को खत लिखते हैं तो हर शब्द को सोच-समझकर चुनते हैं। इसमें हम अपने जज्बातों को खुलकर और विस्तार से ज़ाहिर कर सकते हैं। आपके हाथ से लिखे शब्दों की महक जब सामने वाले तर पहुंचती है, तो वो भी उनकी खूशबू से भीग जाता है। यही वजह है कि लोग सालोंसाल अपने प्रियजनों की चिट्ठियां संभालकर रखते हैं।

दुनिया के अनोखे डाकघर 

आज के डिजिटल युग में जहां सब कुछ क्षणिक और व्यस्तताओं से भरा है, सुकून इस बात का है कि अब भी डाकघर बंद नहीं हुए हैं। अब भी कुछ लोग हैं जो खत लिखते हैं। अब भी पोस्ट ऑफिस में लोग जाते हैं। और जब बात हो रही है पोस्ट ऑफिस की तो आज हम आपको दुनिया के कुछ अनोखे और खास डाकघर के बारे में बताने जा रहे हैं।

फ्लोटिंग पोस्ट ऑफिस, भारत (Floating Post Office, India)

शुरुआत करते हैं भारत से। जम्मू-कश्मीर की डल झील (श्रीनगर) में दुनिया का इकलौता तैरता हुआ डाकघर है। इसे 2011 में स्थापित किया गया था और यह पानी में एक नाव पर बना हुआ है। ये डाकघर पर्यटकों के लिए एक आकर्षण का केंद्र रहता है।

हिम्मी डाकघर, चीन (Himmi Post Office, China)

यह दुनिया में सबसे ऊंचाई पर स्थित डाकघर है, जो 5,300 मीटर (17,388 फीट) की ऊंचाई पर तिब्बत पठार में स्थित है।
यह डाकघर विशेष रूप से यात्रियों और पर्वतारोहियों के लिए आकर्षण का केंद्र है।

अंडरवाटर डाकघर, वानुआतु (Vanuatu Underwater Post Office)

वानुआतु के हिदेन आइलैंड पर स्थित यह दुनिया का पहला और इकलौता पानी के अंदर बना हुआ डाकघर है। इसे समुद्र में लगभग 3 मीटर (10 फीट) गहराई में स्थापित किया गया है। यहां वाटर प्रूफ पोस्टकार्ड भेजे जा सकते हैं, जिन्हें विशेष रूप से तैयार किया गया है।

एंटार्कटिका डाकघर (Port Lockroy Post Office, Antarctica)

इसे “पेंगुइन पोस्ट ऑफिस” भी कहा जाता है क्योंकि यह हजारों पेंगुइनों के बीच स्थित है। पर्यटकों के लिए ये बेहद आकर्षण का केंद्र है और वे यहां से दुनिया के किसी भी हिस्से में पत्र भेज सकते हैं। यह ब्रिटिश अंटार्कटिक सर्वे के अधीन आता है और सर्दियों के दौरान बंद रहता है।

सबसे छोटा डाकघर, अमेरिका (Ochopee Post Office, USA)

फ्लोरिडा के ओचोपी में दुनिया का सबसे छोटा डाकघर स्थिति है। इसका आकार सिर्फ 56 वर्ग फुट (5.2 वर्ग मीटर) है और यह पहले एक सिंचाई उपकरण स्टोररूम था। 1953 में एक आग लगने से स्थानीय डाकघर जल गया, जिसके बाद इस छोटे से स्टोररूम को डाकघर में बदल दिया गया।

सबसे पुराना डाकघर, स्कॉटलैंड (Sanquhar Post Office, Scotland)

स्कॉटलैंड के छोटे से गांव Sanquhar में स्थित है दुनिया का सबसे पुराना डाकघर, जो वर्ष 1712 से लगातार चालू है। 18वीं शताब्दी में यह पोस्ट ऑफिस लंदन और एडिनबर्ग के बीच पत्र और दस्तावेजों के आदान-प्रदान के लिए स्थापित किया गया था। यह तब से लगातार चालू है, यानी इसे 300 से अधिक वर्षों से इस्तेमाल किया जा रहा है।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews