कन्या पूजन कर बांटे नोट, भाजपा विधायक के भाई सहित दो को नोटिस, एफ आई आर दर्ज, विधायक बोले-मैं कोई भी कीमत भुगतने के लिए तैयार

कन्या पूजन कर बांटे नोट, भाजपा विधायक के भाई सहित दो को नोटिस, एफ आई आर दर्ज, विधायक बोले-मैं कोई भी कीमत भुगतने के लिए तैयार

MP Election 2023 : इस बार नवमी के दिन आयोजित कन्या पूजन सियासी बवाल मचाये हुए है, दिग्विजय सिंह द्वारा भाजपा नेताओं द्वारा किये गए कन्या पूजन को नौटंकी बताये जाने के बाद जहाँ कांग्रेस पर भाजपा हमलावर है तो वहीं कांग्रेस की शिकायत पर भाजपा विधायक एवं अशोकनगर प्रत्याशी जजपाल सिंह जज्जी के भाई और उनके एक समर्थक को निर्वाचन आयोग ने नोटिस थमाया है और पुलिस में एफआईआर दर्ज की गई है।

चुनावों के बीच कन्या पूजन बना सियासी मुद्दा  

कन्या पूजन को लेकर प्रदेश भर में राजनीतिक बवाल मच गया है। मध्य प्रदेश में भी नवरात्रि के दिनों में वर्षों से चली आ रही कन्या पूजन की परंपरा निभाई गई , सोमवार को जब भाजपा नेताओं के कन्या पूजन के वीडियो सामने आये तो कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने कन्या पूजन को नौटंकी बता दिया, दिग्विजय के बयान को भाजपा ने दुर्भाग्यपूर्ण एवं सनातन विरोधी बताते हुए इसकी पुरजोर निंदा की।

भाजपा विधायक जज्जी के भाई और उनके समर्थक पर FIR  

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जहाँ खुलकर कन्या पूजन के समर्थन में आ गए हैं वहीं अशोकनगर विधायक एवं भाजपा उम्मीदवाई जजपाल सिंह जज्जी भी कन्या पूजन के मामले में चर्चा में आ गए हैं। दरअसल नवमी के दिन अशोकनगर में जज्पाल सिंह जज्जी के कार्यालय के उद्घाटन के दौरान कन्या पूजन के साथ उन्हें पैसे देने का मामला सामने आया। जिसमें विधायक के भाई एवं एक भाजपा कार्यकर्ता को कांग्रेस की शिकायत के बाद प्रशासन ने आचार संहिता उल्लंघन का नोटिस थमाया। नोटिस का जवाब मिलने के बाद रिटर्निंग के निर्देश पर प्रतापभान सिंह यादव और शीतल सिंह के खिलाफ कोतवाली थाने में धारा 188 के तहत एफ आई आर दर्ज की गई है।

भाजपा ने कांग्रेस की शिकायत को सनातन विरोधी बताया 

इस मामले में विधायक जजपाल सिंह जज्जी खुल कर सामने आए हैं उन्होंने मुखर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कांग्रेस की शिकायत को न केवल सनातन विरोधी बताया बल्कि अपनी संभावित हार से बौखलाहट वाला कदम बताते हुए कहा कि कांग्रेस को अगर इस मामले में शिकायत करनी थी तो उनकी करनी चाहिए थी। क्योंकि वह कन्या पूजन वे कर रहे थे। विधायक ने कहा कि वह लंबे समय से कन्याओं का पूजन करते आ रहे हैं और उन्हें भेंट स्वरूप पैसे देते रहे हैं। यह एक धार्मिक परंपरा है जिसे वह कई वर्षों से निभा रहे है। संयोग से इस वर्ष विधानसभा चुनाव की आचार संहिता लगी हुई है। मगर इस परंपरा को निभाने के पीछे चुनाव में लाभ कमाने का कोई उद्देश्य नहीं है।

कन्या पूजन के समर्थन में खुलकर आये विधायक जज्जी 

विधायक ने कहा कि कांग्रेस स्पष्ट कर दे कि जिन कन्याओं को पैसे दिए गए हैं वह मतदाता है क्या? एवं उन्हें भेंट स्वरूप दी गई दिए गई छोटी सी राशि (50-50) क्या चुनाव प्रभावित कर सकती है? विधायक जजपाल सिंह जज्जी ने कहा कि उनके द्वारा कोई पहली बार कन्या पूजन नहीं किया गया। सरकारी स्तर पर कन्या पूजन तो कुछ समय पहले शुरू हुआ है, मगर वह तो लंबे समय से कन्या पूजन का विधिवत आयोजन करते रहें है। न केवल हर साल नवरात्रि में वह इस कार्यक्रम को करते हैं बल्कि, सार्वजनिक रूप से तुलसी पार्क के पास एक बड़ा आयोजन करके शहर भर की बेटियों का कन्या पूजन कर चुके हैं।

विधायक बोले, मैं डरने वाला नहीं, हर अंजाम भुगतने को तैयार 

उन्होंने दोहराया कि पिछले उपचुनाव से पहले जब अशोकनगर विधानसभा में रामशिला यात्रा निकाल रही थी उस समय भी उन्होंने करीब 30 हज़ार कन्याओं का गांव गांव जाकर पूजन किया था, उस समय भी उनके विरोधियों ने उनकी धार्मिक आस्था पर सवाल किए थे। जिसका जवाब जनता ने उन्हें दिया था। साथ ही उन्होंने दोहराया जीवन की अंतिम सांस तक वह काम करते रहेंगे  किसी की भी शिकायत या डर से वह इस काम को बंद नहीं करेंगे और इसके लिए कोई भी अंजाम भुगतने तैयार हैं।

[dgv_vimeo_video id=”877507625″]

[dgv_vimeo_video id=”877507897″]

अशोक नगर से हितेंद्र बुधौलिया की रिपोर्ट 

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews