MP Breaking News
Google पर फॉलो करें

100 साल बाद कान्हा में जंगली भैंसों की वापसी, CM मोहन यादव ने सूपखार में काजीरंगा से लाए गए 8 जंगली भैंसों को बाड़े में छोड़ा

मध्यप्रदेश के कान्हा टाइगर रिजर्व में 100 साल बाद जंगली भैंसों की वापसी हुई है। सीएम डॉ. मोहन यादव ने सूपखार में असम के काजीरंगा से लाए गए 6 मादा और 2 नर सहित 8 जंगली भैंसों को 17 हेक्टेयर के बड़े बाड़े में छोड़ा है।
Wild buffalo in Kanha Tiger Reserve

मध्यप्रदेश के जंगलों में करीब 100 साल पहले विलुप्त हो चुके जंगली भैंसों की वापसी हो गई है। वन्यजीव संरक्षण की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए कान्हा टाइगर रिजर्व में जंगली भैंसों को फिर से बसाने की पहल की गई है। रविवार को सीएम डॉ. मोहन यादव ने कान्हा के सूपखार परिक्षेत्र में जंगली भैंसा पुनर्स्थापना कार्यक्रम के अंतर्गत क्वारंटाइन अवधि पूरी कर चुके 8 जंगली भैंसों को छोड़ा, जिनमें 6 मादा और 2 नर भैंसे शामिल हैं। सरकार ने अगले तीन वर्षों में प्रदेश में 50 जंगली भैंसों को बसाने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

जंगली भैंसा पुनर्स्थापना परियोजना के तहत असम के काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान से दो चरणों में आठ जंगली भैंसों को कान्हा टाइगर रिजर्व के सूपखार परिक्षेत्र में लाया गया था। पहले चरण में 28 अप्रैल 2026 को तीन मादा और एक नर जंगली भैंसे को विशेष रूप से निर्मित एक हेक्टेयर क्षेत्रफल के बाड़े में रखा गया। इसके बाद 9 मई 2026 को तीन मादा और एक नर जंगली भैंसे को भी इसी बाड़े में रखा गया।

इस तरह कुल छह मादा और दो नर जंगली भैंसों को छोटे बाड़े में क्वारंटाइन किया गया, ताकि वे यहां के वातावरण और जलवायु के अनुकूल ढल सकें। क्वारंटाइन अवधि पूरी होने के बाद रविवार, 11 अक्टूबर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सभी आठ जंगली भैंसों को 17 हेक्टेयर क्षेत्रफल वाले बड़े बाड़े में स्थानांतरित कर छोड़ा गया।

प्रदेश में जंगली भैंसों की पुनर्बसाहट की दिशा में बड़ा कदम

इस मौके पर सीएम मोहन यादव ने मीडिया से बातचीत करते हुये कहा कि प्रदेश के वन विभाग और प्रदेशवासियों के लिए आज का दिन विशेष महत्व रखता है। लगभग 100 वर्षों बाद प्रदेश में जंगली भैंसों की पुनर्बसाहट की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए कान्हा टाइगर रिजर्व के सूपखार क्षेत्र में इस परियोजना के दूसरे चरण का शुभारंभ हो रहा है।

जंगली भैंसों के अनुकूल पारिस्थितिकी तंत्र विकसित करने पर जोर

सीएम ने कहा कि करीब 2200 किमी दूर असम से सीएम हिमंता बिस्वा सरमा के सहयोग से जंगली भैंसों को मध्यप्रदेश के प्राकृतिक आवास में पुन: बसाने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि प्रदेश में वन्यजीवों की विभिन्न प्रजातियों के संरक्षण और उनके लिए अनुकूल पारिस्थितिकी तंत्र विकसित करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विलुप्त हो चुके वन्यजीवों को पुनः स्थापित कर पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत बनाने की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि 7 अक्टूबर को नौरादेही में रानी दुर्गावती के नाम पर अभयारण्य बनाकर चीतों के लिए तीसरा ठिकाना विकसित करने की पहल की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश से नक्सलवाद के खात्मे के बाद इस क्षेत्र में विकास की नई संभावनाएं सामने आ रही हैं।

वन्यजीव संरक्षण के लिए लगातार किए जा रहे प्रयास: सीएम यादव

सीएम मोहन यादव ने कहा कि राज्य में वन्यजीव संरक्षण की दिशा में लगातार कदम उठाए जा रहे हैं। बाघ, चीता, तेंदुआ, घड़ियाल और मगरमच्छ सहित विभिन्न प्रजातियों के संरक्षण के साथ-साथ उन वन्यजीवों को भी पुनः बसाने के प्रयास किए जा रहे हैं, जो कभी इस क्षेत्र की प्राकृतिक पहचान हुआ करते थे। प्रदेश में हाथियों की स्थायी मौजूदगी भी वन्यजीव विविधता के विस्तार का एक महत्वपूर्ण पहलू है। उन्होंने कहा कि वन क्षेत्रों में रहने वाले परिवारों की चिंताओं को ध्यान में रखते हुए विकास और वन्यजीव संरक्षण के बीच संतुलन स्थापित करना हमारी प्राथमिकता है।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews