भोपाल में होली पर्व के दौरान यात्रियों की बढ़ती आवाजाही को ध्यान में रखते हुए भारतीय रेलवे द्वारा देशभर में बड़े पैमाने पर विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। इस क्रम में विभिन्न रेलवे जोनों में कुल 1410 होली विशेष ट्रेनों का संचालन सुनिश्चित किया गया है, जिससे यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराई जा सके।
पर्व पर मिली सौगात
रेलवे द्वारा जारी जोनवार आँकड़ों के अनुसार मध्य रेलवे में 209, पश्चिम रेलवे में 231, पूर्व मध्य रेलवे में 285, दक्षिण मध्य रेलवे में 160, उत्तर रेलवे में 108 तथा उत्तर पश्चिम रेलवे में 71 होली विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे में 02, दक्षिण पश्चिम रेलवे में 47, दक्षिण रेलवे में 39, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में 15 तथा पश्चिम मध्य रेलवे में 43 विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं।
यात्रियों को बड़ी राहत
इसी प्रकार पूर्व तट रेलवे में 62, उत्तर मध्य रेलवे में 66, उत्तर पूर्व रेलवे में 62 तथा कोंकण रेलवे में 09 होली विशेष ट्रेनों का संचालन किया गया है। इन ट्रेनों के माध्यम से विभिन्न राज्यों एवं क्षेत्रों के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिली है।
यात्री भार कम करना उदेश्य
रेलवे प्रशासन का उद्देश्य त्योहारों के अवसर पर अतिरिक्त यात्री दबाव को नियंत्रित करना, भीड़ प्रबंधन को सुदृढ़ बनाना तथा यात्रियों को समयबद्ध और आरामदायक यात्रा सुविधा प्रदान करना है। होली विशेष ट्रेनों के संचालन से न केवल नियमित ट्रेनों पर भार कम होगा, बल्कि यात्रियों को अपनी यात्रा योजनाओं के अनुसार विकल्प भी उपलब्ध होंगे।
रेल्वे की अपील
रेलवे द्वारा यात्रियों से अपील की गई है कि वे यात्रा से पूर्व गाड़ियों की स्थिति, समय एवं ठहराव की जानकारी के लिए रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट अथवा एनटीईएस मोबाइल एप का उपयोग करें।





