राजधानी भोपाल में बुधवार से मध्य प्रदेश ट्रैवल मार्ट (MPTM 2026) के 7वें संस्करण की शुरुआत हो रही है। 10 अक्टूबर तक चलने वाले इस आयोजन में देश-विदेश के टूर ऑपरेटर्स, पर्यटन कारोबार से जुड़े लोग और प्रतिनिधि शामिल होंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ट्रैवल मार्ट का शुभारंभ करेंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी करेंगे।
इस तीन दिवसीय आयोजन में 15 राज्यों के 180 से ज्यादा घरेलू टूर ऑपरेटर्स समेत 600 से अधिक प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं। विदेशी प्रतिनिधियों के साथ होने वाली बैठकों में मध्यप्रदेश के पर्यटन स्थलों को नए टूर पैकेज और सर्किट से जोड़ने के साथ कारोबार की संभावनाओं पर चर्चा होगी। सरकार का फोकस प्रदेश में बढ़ रहे पर्यटन को रोजगार, बेहतर सुविधाओं और नए निवेश के अवसरों से जोड़ने पर है।
ये भी पढ़ें
2025 में MP आए 21.05 करोड़ पर्यटक
मध्य प्रदेश में पर्यटन को लेकर पिछले साल अच्छी बढ़ोतरी देखने को मिली। पर्यटन बोर्ड के प्रबंध संचालक डॉ. इलैयाराजा टी. के मुताबिक, 2025 में प्रदेश में पर्यटकों की संख्या में 57 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई और कुल आंकड़ा 21.05 करोड़ के पार पहुंच गया। अब सरकार इस बढ़ते पर्यटन को सिर्फ पर्यटकों की संख्या तक सीमित रखने के बजाय स्थानीय रोजगार और इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार से जोड़ने की कोशिश कर रही है।
34 देशों के प्रतिनिधियों की भागीदारी
MPTM 2026 में यूरोप, अमेरिका, एशिया-प्रशांत और खाड़ी देशों से पर्यटन क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं। भारत की ओर से भी दिल्ली, महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान, केरल समेत 15 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 180 से ज्यादा टूर ऑपरेटर्स भोपाल पहुंचे हैं। इन प्रतिनिधियों के बीच बैठकों में मध्यप्रदेश के स्थानीय टूर ऑपरेटर्स के साथ मिलकर नए पर्यटन सर्किट और टूर पैकेज तैयार करने की संभावनाएं तलाशी जाएंगी।
सीहोर में ₹848 करोड़ का मेगा प्रोजेक्ट
आयोजन के दौरान सीहोर जिले के रामगढ़ में ₹848.40 करोड़ के बड़े पर्यटन प्रोजेक्ट को लेकर एमपी टूरिज्म बोर्ड और एआरएम फूड्स के बीच समझौता होगा। इसके तहत अंतरराष्ट्रीय स्तर का गोल्फ कोर्स, लक्जरी होटल और वेलनेस रिसॉर्ट विकसित किया जाना है। इसके अलावा 14 अन्य पर्यटन परियोजनाओं के लिए ₹252 करोड़ के लेटर ऑफ अवार्ड दिए जाएंगे। इन परियोजनाओं से 920 से ज्यादा प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर बनने की उम्मीद है।
मेहमानों को मिलेगा मालवा-निमाड़ का स्वाद
ट्रैवल मार्ट में विदेशी मेहमानों को मध्यप्रदेश की संस्कृति और खान-पान से जोड़ने के लिए ‘मां की रसोई’ नाम से विशेष लाइव फूड काउंटर भी लगाया गया है। यहां कोदो-मेथी भात, ज्वार-बाजरे की रोटियां, मट्ठे के आलू, दाल-बाफला, भुने भाटे का भर्ता और सिलबट्टे की ताजी चटनी जैसे पारंपरिक व्यंजन परोसे जाएंगे। इसके जरिए मेहमानों को प्रदेश के मालवा-निमाड़ और बुंदेलखंड के पारंपरिक स्वाद से रूबरू कराया जाएगा।