मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में 24 फरवरी को होने वाले कांग्रेस के किसान सम्मेलन को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस जहां अमेरिका के साथ हुई ट्रेड डील के मुद्दे पर सरकार को घेरने की तैयारी में है, वहीं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस और विशेषकर राहुल गांधी पर निशाना साधना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने राहुल गांधी के दौरे पर एक विवादित बयान दिया है।
शर्मा ने राहुल गांधी की किसानों से संबंधित समझ पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिन्हें खेती-किसानी की बुनियादी जानकारी नहीं है, वह किसानों के साथ क्या चर्चा करेंगे।
‘धना और चना का फर्क नहीं मालूम’
भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने अपने बयान में कहा कि राहुल गांधी को किसानों के मुद्दों की कोई समझ नहीं है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी को यह तक नहीं पता कि मिर्च हरी पैदा होती है या लाल।
“वो राहुल गांधी, जिसको धना और चना का फर्क नहीं मालूम, जिसको ये नहीं मालूम कि मिर्च लाल पैदा होती है या हरी, वो किसानों से क्या ही चर्चा करेंगें।”- रामेश्वर शर्मा, विधायक, भाजपा
उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस किस मुंह से किसानों से चर्चा करेगी, जिसने कभी किसानों को सम्मान निधि नहीं दी और न ही उनके खेतों तक जाने वाले मार्गों का निर्माण कराया। शर्मा ने राहुल गांधी को सलाह देते हुए कहा, “इसलिए राहुल गांधी जी इटली जाओ और आराम करो।”
कांग्रेस की ‘सड़क से संसद तक’ की तैयारी
दरअसल, कांग्रेस पार्टी अमेरिका के साथ हुई ट्रेड डील के मुद्दे को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ ‘सड़क से संसद तक’ संघर्ष की रणनीति बना रही है। इसी योजना के तहत 24 फरवरी को भोपाल में एक विशाल किसान सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी मुख्य रूप से शामिल होकर किसानों को संबोधित करेंगे।
भाजपा ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां
रामेश्वर शर्मा ने अपने बयान में केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा, “आज किसानों के हित और विकास के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की सरकार और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी की सरकार निरंतर प्रयासरत है।” उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार ही किसानों के साथ खड़ी रहने वाली और उनकी प्रगति के लिए दिन-रात काम करने वाली सरकार है।





