Hindi News

आज से बीजेपी का ‘संविधान गौरव अभियान’, सीएम डॉ. मोहन यादव ने किया संविधान पखवाड़ा मनाने का आह्वान

Written by:Shruty Kushwaha
Published:
भारतीय जनता पार्टी ने संविधान के 75 वर्ष पूरे होने पर 'संविधान गौरव अभियान' की शुरुआत की है, जो 11 से 25 जनवरी तक चलेगा। इस अभियान का उद्देश्य संविधान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और डॉ. भीमराव अंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित करना है। अभियान के दौरान मध्यप्रदेश में विशेष कार्यक्रम, गोष्ठियां और संवाद आयोजित किए जाएंगे और संविधान की प्रतियां वितरित की जाएंगी। समापन पर बीजेपी कार्यकर्ता संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ करेंगे।
आज से बीजेपी का ‘संविधान गौरव अभियान’, सीएम डॉ. मोहन यादव ने किया संविधान पखवाड़ा मनाने का आह्वान

Samvidhan Gaurav Abhiyan : भारतीय जनता पार्टी द्वारा संविधान के 75 वर्ष पूरे होने पर आज से ‘संविधान गौरव अभियान’ शुरु किया जा रहा है। 11 से 25 जनवरी तक चलने वाले इस अभियान के दौरान विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। मध्यप्रदेश में भी ये अभियान पूरे उत्साह से मनाया जाएगा। सीएम डॉ. मोहन यादव ने बताया कि इस पंद्रह दिवसीय अभियान के तहत अलग शैक्षणिक तथा अन्य गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

मध्यप्रदेश बीजेपी द्वारा ‘संविधान गौरव अभियान’ के माध्यम से भारतीय संविधान के मूल्यों और सिद्धांतों का व्यापक प्रचार किया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य संविधान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और इसके शिल्पकार डॉ. भीमराव अंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित करना है।

बीजेपी का संविधान गौरव अभियान आज से 

‘संविधान गौरव अभियान’ के दौरान मध्यप्रदेश में विभिन्न स्थानों पर अनुसूचित जाति, बुद्धिजीवी वर्ग, महिलाओं, युवाओं, हॉस्टल और कॉलेज के विद्यार्थियों के साथ विशेष संवाद किया जाएगा। इस दौरान भारतीय संविधान की प्रतियां वितरित की जाएंगी और इसके महत्व पर चर्चा की जाएगी। अभियान के तहत भोपाल सहित प्रदेश के सभी जिलों में संवैधानिक विषयों पर गोष्ठियां आयोजित की जाएंगी। इन गोष्ठियों में संविधान के महत्व, मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों पर संवाद किया जाएगा।

सीएम डॉ. मोहन यादव ने किया ये आह्वान

इस अभियान को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एएनआई से बात करते हुए कहा कि ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 2015 से संविधान दिवस मनाने की परंपरा शुरू की गई है। मुझे खुशी है कि भाजपा 11 से 25 जनवरी तक ‘गौरव संविधान दिवस’ मना रही है। इस दौरान संविधान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न चर्चाएं और भाषण आयोजित किए जाएंगे। मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा को इसके लिए बधाई देता हूं।’ इसी के साथ उन्होंने आह्वान किया कि हम सब इस संविधान पखवाड़े को मनाने का संकल्प लें। इस अभियान के समापन अवसर पर भाजपा कार्यकर्ता हर बूथ पर एकत्रित होकर भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पठन करेंगे और इसके प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करेंगे।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha
Follow Us :GoogleNews