बुरहानपुर में अवैध हथियार तस्करी पर पुलिस का शिकंजा, दो देसी पिस्टल के साथ दो आरोपियों को दबोचा

बुरहानपुर में पुलिस ने अवैध हथियार तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी और एक नाबालिग को पकड़ा है। जिनके कब्जे से दो देसी पिस्टल और एक मोबाइल फोन जब्त किया गया।
Burhanpur News

दशहरे पर बुरहानपुर पुलिस ने अवैध हथियार तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने खकनार क्षेत्र से दो तस्करों को दबोचा है जिसमें से एक नाबालिग है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से दो देसी पिस्टल और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। जब्त किये गये सामान की कुल कीमत करीब 68 हजार रुपये आंकी गई है। वहीं, पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों से पूछताछ शुरू की है।

पुलिस के अनुसार, खकनार थाने की पुलिस को मु​खबिर से सूचना मिली थी कि लालबाग थाने का फरार आरोपी जमरे खकनार खुर्द में अवैध हथियार के साथ मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम एक्टिव हो गई। पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिये घेराबंदी और मौके से दीपक पिता प्रेमसिंग जमरे (18) को दबोच लिया।

पुलिस ने आरोपी के पास से 30 हजार रुपए कीमत की देसी पिस्टल और 8 हजार रुपए का वीवो मोबाइल जब्त किया गया। पुलिस ने उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया।

पुलिस ने एक नाबालिग को भी पकड़ा, देसी पिस्टल बरामद

गिरफ्तार किये गये आरोपी से जब पुलिस ने पूछताछ की तो उसने बताया कि उसके पास जो हथियार था वह उसने पाचौरी के एक लड़के से लिया था। इसके बाद पुलिस ने पांगरी काटा से एक नाबालिग को पकड़ा। उसके पास से 30 हजार रुपये की देसी पिस्टल बरामद हुई। इस कार्रवाई में पुलिस ने कुल दो देसी पिस्टल और एक मोबाइल फोन जब्त किया है।

पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और हथियारों की तस्करी में शामिल आरोपियों को पकड़कर सलाखों के पीछे भेजा जायेगा। पुलिस ने स्पष्ट किया कि अवैध हथियार रखने और उनकी तस्करी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews
बुरहानपुर में अवैध हथियार तस्करी पर पुलिस का शिकंजा, दो देसी पिस्टल के साथ दो आरोपियों को दबोचा - MP Breaking News