MP Breaking News

बुरहानपुर: इच्छादेवी मंदिर में चोरी, पहले छुए माता के पैर फिर चुराया मुकुट और छत्र

मध्य प्रदेश के बुरहानपुर में 3 चोर मां इच्छादेवी मंदिर में चोरी करने पहुंचे। सीसीटीवी कैमरा में बदमाशों की ये करतूत कैद हो गई है।
Burhanpur, Burhanpur News, Burhanpur police, बुरहानपुर

मध्य प्रदेश के बुरहानपुर में देवी मां के मंदिर में चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। यहां काले कपड़ों में चोरी करने के लिए पहुंचे और उसके बाद चोरी कर मौके से फरार हो गए। ये पूरी घटना मंदिर में लगे हुए सीसीटीवी कैमरा में कैद हो गई है।

ये मामला बुरहानपुर के मां इच्छादेवी मंदिर का है। यहां तीन चोर मुंह पर मास्क और हाथों में ग्लव्स पहनकर चोरी की वारदात को अंजाम देने के लिए पहुंचे। इनमें से दो अंदर घुसे और एक बाहर निगरानी करता रहा। हालांकि, बदमाश अपने साथ ज्यादा चीजें नहीं ले जा सके।

पैर छुए फिर की चोरी

इस घटना का जो सीसीटीवी फुटेज सामने आया है वह लोगों को हैरान कर रहा है। इसमें चोरी करने घुसा एक चोर माता की प्रतिमा के पास जाकर पहले पैर छूता है। उसके बाद वो प्रतिमा पर पहनाया गया मुकुट और छत्र निकाल लेता है। उसके हाथ में कलावा भी दिखाई दे रहा है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर इन बदमाशों की तलाश के प्रयास किए जा रहे हैं।

हथियार के साथ पहुंचे थे बदमाश

जानकारी के मुताबिक रात 1:30 बजे मंदिर में चोरी करने के लिए पहुंचे बदमाश अपने साथ चाकू और रॉड जैसे हथियार लेकर पहुंचे थे। इन्होंने पहले रॉड से मंदिर का ताला तोड़ने की कोशिश की। इसके बाद दो बदमाश अंदर दाखिल हुए और तीसरा निगरानी करता दिखाई दिया। मुकुट और छत्र चुराने के अलावा बदमाश दान पेटी तोड़ने की कोशिश करते भी नजर आए।

सुरक्षित है बाकी सामान

इस चोरी में राहत की बात ये है कि अन्य सामान सुरक्षित है। मंदिर प्रबंधन द्वारा एक दिन पहले ही दानपेटी से राशि निकालकर सुरक्षित रख दी गई थी। वहीं अन्य कीमती वस्तुओं को भी सुरक्षित रख दिया गया था। प्रतिमा पर सोने की लौंग और मंगलसूत्र भी था, जिसे बदमाश नहीं ले जा पाए। जो मुकुट और छत्र चोरी हुआ है, वो भी चांदी का नहीं बल्कि पॉलिश वाला है।

जांच में जुटी पुलिस

इस मामले में जांच कर रहे शाहपुर थाना प्रभारी अखिलेश मिश्रा ने बताया कि मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरा के अलावा आसपास के कैमरा के फुटेज भी तलाशे जा रहे हैं। बदमाश किस रास्ते से आए हैं और चोरी के बाद कहां गए हैं, ये पता करने की कोशिश की जा रही है। बदमाशों को जल्द से जल्द पकड़ने की कोशिश की जा रही है।

Diksha Bhanupriy
लेखक के बारे में
"पत्रकारिता का मुख्य काम है, लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को संदर्भ के साथ इस तरह रखना कि हम उसका इस्तेमाल मनुष्य की स्थिति सुधारने में कर सकें।” इसी उद्देश्य के साथ मैं पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रही हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। मैं कॉपी राइटिंग, वेब कॉन्टेंट राइटिंग करना जानती हूं। मेरे पसंदीदा विषय दैनिक अपडेट, मनोरंजन और जीवनशैली समेत अन्य विषयों से संबंधित है। View all posts by Diksha Bhanupriy
Follow Us :GoogleNews
बुरहानपुर: इच्छादेवी मंदिर में चोरी, पहले छुए माता के पैर फिर चुराया मुकुट और छत्र