
बुरहानपुर में एक भीषण सड़क हादसा देखने को मिला। यहां मांजरोद गांव के पास एक कार ने बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में दो पुरुषों और एक महिला की मौत हो गई है। हादसे के बाद ड्राइवर मौके से फरार हो गया है।
इस घटना के बारे में खकनार थाना प्रभारी अभिषेक यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि गुरुवार के दोपहर 1 बजे कार ने सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी। कार चालक बहुत तेज गति और लापरवाही से वाहन चला रहा था। घटना में जिन दो युवकों की मौत हुई है। वो नगर पालिका में अस्थाई कर्मचारी के तौर पर काम करते थे।
बाइक सवारों की गई जान
जानकारी के मुताबिक बाइक पर 25 वर्षीय मिलीन गाढ़े उनकी 60 वर्षीय मां बिजला बाई निवासी नेपानगर और भीम कहार सवार थे। ये तीनों खकनार से लौट रहे थे। कार की टक्कर से तीनों को गंभीर चोट आई। तीनों को खकनार के सरकारी अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया। लेकिन इनकी जान नहीं बच पाई।
बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त
जानकारी के मुताबिक यह तीनों किसी काम से खकनार गए थे। जब ये वापस लौट रहे थे तो हादसे का शिकार हो गए। कार और बाइक के बीच टक्कर बहुत ही जोरदार थी जिससे बाइक बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। बाइक की स्थिति को देखकर घटना की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
पुलिस कर रही जांच
अस्पताल में बिजला बाई और उनके बेटे मिलीन की मौत हो गई। वहीं गंभीर हालत को देखते हुए भीम को बुरहानपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया। जहां इलाज के दौरान देर शाम उसने भी दम तोड़ दिया। भीम और मिलीन दोनों ही नेपानगर नगर पालिका में अस्थाई कर्मचारी के तौर पर काम करते थे। इस मामले में पुलिस ने कार ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज किया है। ड्राइवर मौके से फरार है और पुलिस उसकी तलाश में लगी हुई है।
10 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में.

