पीएम नरेंद्र मोदी की घोषणा के बाद मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने भी प्रदेश में फास्ट ट्रैक कोर्ट खोले जाने की घोषणा की है, सीएम ने कहा राज्य सरकार ने भोपाल, इंदौर, जबलपुर और ग्वालियर में फास्ट ट्रैक कोर्ट स्थापित करने का निर्णय लिया है। इन न्यायालयों के माध्यम से युवाओं से जुड़े मामलों का शीघ्र निराकरण हो सकेगा।
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आज पन्ना के होमगार्ड मैदान में आयोजित कार्यक्रम में 184.83 करोड़ रुपये लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश के 35 लाख से अधिक सामाजिक सुरक्षा पेंशन हितग्राहियों के खातों में सिंगल क्लिक के माध्यम से 210 करोड़ रुपये से अधिक की राशि ट्रांसफर की। इस मौके पर उन्होंने कई घोषणाएं भी की। सीएम ने कहा अगले साल पन्ना मेडिकल कॉलेज का लोकार्पण किया जाएगा जिससे नीट के अभ्यर्थियों को डॉक्टर बनने का अवसर मिलेगा।
सीएम ने मंच से पन्ना के लिए घोषणाएं करते हुए पूरे प्रदेश के युवाओं के लिए एक बड़ी घोषणा की, मुख्यमंत्री ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कल फास्ट ट्रैक गठित करने की बात कही है इसलिए मध्य प्रदेश सरकार ने निर्णय लिया है कि राज्य सरकार प्रदेश के चार महानगरों भोपाल, इंदौर, जबलपुर और ग्वालियर में फास्ट ट्रैक कोर्ट स्थापित करगी। इन न्यायालयों के माध्यम से युवाओं से जुड़े मामलों का शीघ्र निराकरण हो सकेगा।
युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता
डॉ मोहन यादव ने कहा युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना मध्यप्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। इसी क्रम में पुलिस विभाग में लगभग 10 हजार नए पदों पर भर्ती को मंजूरी दी गई है। इसके साथ ही कृषि एवं दुग्ध उत्पादन क्षेत्र में युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए हमारी सरकार विशेष अनुदान दे रही है। राज्य में अभी 12 प्रतिशत दुग्ध उत्पादन हो रहा है, इसे बढ़ाकर हमारा लक्ष्य 20 प्रतिशत तक बढ़ाने का है।
पंजाब और हरियाणा को पीछे छोड़ेगा मध्य प्रदेश
डॉ मोहन यादव ने कहा कि हमरी सरकार सभी वर्गों का ध्यान रखती है, इसलिए बुंदेलखंड के किसानों के बेहतर भविष्य के लिए लगभग 1 लाख करोड़ रुपये की लागत से केन-बेतवा लिंक परियोजना को साकार किया जा रहा है। यह परियोजना क्षेत्र की सिंचाई व्यवस्था में ऐतिहासिक बदलाव लाएगी और किसानों को पानी की कमी से स्थायी राहत मिलेगी। सिंचाई के विस्तार के साथ बुंदेलखंड कृषि समृद्धि का नया अध्याय लिखेगा। हमारा संकल्प है कि बुंदेलखंड को कृषि उत्पादन, समृद्धि और विकास के मामले में पंजाब-हरियाणा जैसे अग्रणी राज्यों से भी अधिक सशक्त बनाया जाए
श्री जुगल किशोर मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए राशि की कमी नहीं होगी
मुख्यमंत्री ने कहा श्री जुगल किशोर मंदिर के विकास कार्यों के लिए पूर्व में स्वीकृत राशि अपर्याप्त होने की जानकारी प्राप्त हुई है। मैं इस मंच से घोषणा करता हूँ कि मंदिर के समग्र विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए जितनी भी राशि की आवश्यकता होगी, वह मध्यप्रदेश सरकार उपलब्ध कराएगी। साथ ही, पन्ना एवं अजयगढ़ क्षेत्र के ऐतिहासिक चंदेलकालीन तालाबों का संरक्षण, जीर्णोद्धार एवं पुनर्जीवन प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा।






